गांधीनगर में स्लैब ढहने की घटना की जांच तेज, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ली जानकारी
गांधीनगर, 10 सितंबर (हि.स.)। गांधीनगर के कुडासन स्थित निर्माणाधीन ‘बोस्की द एम्पायर’ में बुधवार देर रात स्लैब ढहने की घटना के बाद आज प्रशासन ने राहत एवं जांच कार्य तेज कर दिया है। महानगरपालिका के उप आयुक्त क्रांति अमृतिया अधिकारियों की टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
इस बीच मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर जानकारी दी कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने टेलीफोन पर बातचीत कर घटना और बचाव कार्य की जानकारी ली तथा राहत कार्य के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
गौरतलब है कि बुधवार रात करीब 9 बजे दो निर्माणाधीन इमारतों के बीच का स्लैब अचानक ढह गया था। इसके मलबे में 15 श्रमिक फंस गए थे। दमकल विभाग, पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों ने अभियान चलाकर सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया था। इस हादसे में घायल हुए 12 श्रमिकों को तत्काल गांधीनगर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
अस्पताल के अधीक्षक डॉ. मिता परीख ने बताया कि सभी मरीजों की हालत पूरी तरह स्थिर है। इनमें से चार मरीजों को आईसीयू में तथा आठ मरीजों को सामान्य वार्ड में रखा गया है। किसी भी मरीज को जानलेवा या गंभीर चोट नहीं आई है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि निर्माणाधीन ढांचे के एक पाए में क्षति होने से स्लैब पर भार बढ़ गया और इसके कारण वह ढह गया। घटनास्थल से मलबा हटाने का काम जारी है। साथ ही, निर्माण में सुरक्षा मानकों के पालन और जिम्मेदार लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

