home page

अहमदाबाद-गांधीनगर मेट्रो यात्रियों को बड़ी राहत, 18 मई से रात 11 बजे तक चलेगी मेट्रो

 | 
अहमदाबाद-गांधीनगर मेट्रो यात्रियों को बड़ी राहत, 18 मई से रात 11 बजे तक चलेगी मेट्रो


अहमदाबाद, 16 मई (हि.स.)। अहमदाबाद और गांधीनगर में मेट्रो से सफर करने वाले लाखों यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। गुजरात मेट्रो रेल कार्पोरेशन लिमिटेड ने मेट्रो सेवाओं के समय में विस्तार करने की आधिकारिक घोषणा की है। आगामी सोमवार 18 मई से मेट्रो सेवाएं अब रात 11:00 बजे तक उपलब्ध रहेंगी।

वस्त्राल गांव से थलतेज गांव रूट पर बदलावः

अब तक इस रूट पर आखिरी मेट्रो ट्रेन रात 10:00 बजे चलती थी, जिसे बढ़ाकर अब रात 11:00 बजे कर दिया गया है। यात्रियों को रात 10:20, 10:40 और 11:00 बजे अतिरिक्त 3 मेट्रो ट्रेनें मिलेंगी।

थलतेज गांव से वस्त्राल गांव रूटः

इस रूट पर भी आखिरी ट्रेन का समय रात 10:00 बजे से बढ़ाकर 11:00 बजे कर दिया गया है। यहां भी रात 10:20, 10:40 और 11:00 बजे अतिरिक्त 3 ट्रेनें चलाई जाएंगी।

एपीएमसी से कोटेश्वर रूटः

पहले आखिरी ट्रेन रात 10:10 बजे रवाना होती थी, जिसे अब बढ़ाकर रात 11:10 बजे कर दिया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए रात 10:30, 10:50 और 11:10 बजे अतिरिक्त 3 ट्रेनें शुरू की गई हैं।

कोटेश्वर से एपीएमसी रूटः

इस रूट पर आखिरी ट्रेन का समय रात 10:05 बजे से बढ़ाकर 11:00 बजे किया गया है। यहां भी रात 10:20, 10:40 और 11:00 बजे अतिरिक्त 3 ट्रेनें उपलब्ध रहेंगी।

गांधीनगर-महात्मा मंदिर रूट पर भी बड़ा बदलावः

कोटेश्वर से महात्मा मंदिर जाने वाली आखिरी ट्रेन, जो पहले रात 7:43 बजे चलती थी, अब रात 9:20 बजे रवाना होगी। इस रूट पर यात्रियों के लिए रात 8:17 और 9:20 बजे दो अतिरिक्त ट्रेनें शुरू की गई हैं।

वहीं महात्मा मंदिर से कोटेश्वर जाने वाली आखिरी ट्रेन का समय भी रात 8:09 बजे से बढ़ाकर रात 9:00 बजे कर दिया गया है। यह ट्रेन महात्मा मंदिर से चलकर कोटेश्वर होते हुए सीधे एपीएमसी तक जाएगी।

मेट्रो सेवाओं के समय में इस बढ़ोतरी से देर रात तक यात्रा करने वाले यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों और छात्रों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे