अमरेली के चांचबंदर में गणेश विसर्जन के दौरान हादसा, चार युवकों की डूबने से मौत
- बाबरा तालुका के मोटा देवळिया गांव के चार युवक समुद्र में डूबे, तीन के शव बरामद, एक की तलाश
अमरेली, 25 सितंबर (हि.स.)। जिले के बाबरा तालुका के मोटा देवळिया गांव के पास चांचबंदर समुद्र तट पर गणेश विसर्जन के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। विसर्जन के लिए समुद्र में उतरे चार युवक गहरे पानी में डूब गए।
स्थानीय लोगों और तटरक्षकों की मदद से तीन युवकों को बाहर निकाला गया, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी। चौथे युवक की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार चारों युवक गणेश विसर्जन के लिए समुद्र किनारे पहुंचे थे। इसी दौरान वे नहाने के लिए पानी में उतरे और गहरे पानी में चले गए। कुछ लोगों ने युवकों के कपड़े और सामान देखकर आशंका जताई और तत्काल बाबरा पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस स्थानीय तैराक और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। बचाव अभियान चलाकर समुद्र से तीन युवकों के शव बाहर निकाले गए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की गई।
मृतकों की पहचान
मृतकों में मोटा देवळिया गांव के कुनालभाई देवजीभाई शिंगाला और सचिनभाई काबुलभाई शिंगाला शामिल हैं। वहीं नवागढ़-जेतपुर क्षेत्र के भला प्रवीणभाई जेठवा और कविन प्रवीणभाई जेठवा भी हादसे का शिकार हुए बताए गए हैं।
एक युवक की तलाश जारी
स्थानीय लोगों ने तीन युवकों को बचाने में मदद की, जबकि एक युवक के लापता होने की सूचना है। लापता युवक वीरसिंह गुर्जिया की तलाश स्थानीय तैराकों, पुलिस और अन्य बचाव दलों की मदद से की जा रही है। समुद्र में खोज अभियान को लेकर इंडियन कोस्ट गार्ड को भी सूचना दी गई है।
पुलिस और प्रशासन मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही मामलतदार, टीडीओ, पीपावाव मरीन पुलिस सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस द्वारा घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक गणेश विसर्जन के लिए चांचबंदर पहुंचे थे और इसी दौरान समुद्र में डूब गए।
हादसे के बाद मोटा देवळिया गांव सहित आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन और बचाव दल लापता युवक की तलाश में जुटे हुए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

