सूरत के पूर्व विधायक डॉ. कनुभाई मावाणी का निधन, बेटियाें ने दिया कंधा
सूरत, 09 मई (हि.स.)। गुजरात के सूरत शहर के पूर्व मेयर, पूर्व विधायक और सौराष्ट्र यूनिवर्सिटी के पूर्व कुलपति डॉ. कनुभाई मावाणी का बीती रात निधन हो गया। वह लंबे समय से किडनी की बीमारी से जूझ रहे थे और डायलिसिस पर थे। उनके निधन से राजनीतिक, सामाजिक और शैक्षणिक जगत में शोक की लहर है।
आज उनकी अंतिम यात्रा से पूर्व केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सीआर पाटिल सहित कई राजनीतिक और सामाजिक गणमान्यों ने उनके आवास पहुंचकर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान भाजपा शहर अध्यक्ष परेशभाई पटेल, शहर महामंत्री दुर्गा प्रसाद पांडेय और हीरा उद्योग के अग्रणी दिग्गज भी मौजूद रहे।
अंतिम यात्रा के दौरान भावुक दृश्य देखने को मिला, जब डॉ. कनुभाई मावाणी की चारों बेटियों ने अपने पिता के पार्थिव शरीर को कंधा देकर अंतिम विदाई दी। इस दृश्य ने वहां मौजूद सभी लोगों को भावुक कर दिया।
उल्लेखनीय है कि डॉ. कनुभाई मावाणी ने आयुर्वेदिक डॉक्टर और कॉलेज प्रिंसिपल के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी। बाद में उन्होंने राजनीति और शिक्षा क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। मेयर और विधायक रहते हुए उन्होंने सूरत के विकास और जनसमस्याओं को लेकर सक्रिय भूमिका निभाई थी।
डॉ. कनुभाई को सौराष्ट्र यूनिवर्सिटी के कुलपति की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी, जहां उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए कई प्रयास किए। इसके अलावा वह श्री स्वामी आत्मानंद सरस्वती शिक्षण संस्थान (एसएसएएसआईटी) सहित कई शैक्षणिक संस्थाओं से ट्रस्टी के रूप में जुड़े रहे। वराछा और आसपास के क्षेत्रों में शैक्षणिक संस्थानों के विकास में भी उनका अहम योगदान रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

