home page

वडोदरा जिले के 6 तहसीलों में बाढ़ का असर, 20 सड़कें बंद और कई गांवों का संपर्क टूटा

 | 
वडोदरा जिले के 6 तहसीलों में बाढ़ का असर, 20 सड़कें बंद और कई गांवों का संपर्क टूटा


वडोदरा, 01 अगस्त (हि.स.)। गुजरात के वडोदरा जिले में लगातार हो रही भारी बारिश, ऊपरी क्षेत्रों से आए पानी और बांधों से छोड़े गए जल के कारण बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। जिले के 8 में से 6 तहसीलों में लगभग 20 प्रमुख सड़कें बंद कर दी गई हैं, जिससे कई गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

डैम से छोड़े गए पानी के कारण देव नदी, ढाढर नदी और जांबुवा नदी उफान पर हैं। इसके चलते वाघोडिया, डभोई, करजन, पादरा, सावली और शिनोर तहसील के अनेक गांवों में पानी भर गया है। वडोदरा के निकट डभोई रोड स्थित केलनपुर गांव की प्राथमिक विद्यालय में भी बाढ़ का पानी घुस गया है। वहीं ततारपुरा ग्राम पंचायत कार्यालय भी जलमग्न हो गया है, जिससे स्थानीय प्रशासनिक कार्य प्रभावित हुए हैं।

प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों की करीब 20 प्रमुख सड़कों को यातायात के लिए बंद कर दिया है। राहत एवं बचाव दल लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं तथा लोगों से अपील की गई है कि वे जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे