home page

सूरत के जय श्री राम टेक्सटाइल मार्केट में लगी आग, लाखों का नुकसान

 | 
सूरत के जय श्री राम टेक्सटाइल मार्केट में लगी आग, लाखों का नुकसान


सूरत, 24 फरवरी (हि.स.)। शहर के कपड़ा उद्योग के प्रमुख केंद्र सहारा दरवाजा इलाके में स्थित प्रसिद्ध जय श्री राम टेक्सटाइल मार्केट में मंगलवार को आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। मार्केट की छत पर बने गोदाम में लगी आग में लाखों रुपये का कपड़े का स्टॉक जलकर खाक हो गया।

आग की शुरुआत मार्केट की छठी मंजिल पर स्थित गोदाम से हुई थी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और धुएं के गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगे। छत को चारों ओर से टीन (पतरों) से बंद किया गया था, जिससे धुआं बाहर नहीं निकल पा रहा था और फायर ब्रिगेड को अंदर पहुंचने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही सूरत फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई।

डिप्टी चीफ फायर ऑफिसर एस.डी. धोबी के अनुसार 10 से अधिक फायर स्टेशनों की टीमों को मौके पर लगाया गया था। मानदरवाजा, डुंभाल, घांची शेरि, कतारगाम और पुणा सहित विभिन्न स्टेशनों से 18 से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाना शुरू किया। फायर कर्मियों ने चारों ओर से पानी का छिड़काव कर आग को अन्य दुकानों और मंजिलों तक फैलने से रोक लिया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। फिलहाल आग पर नियंत्रण है और कूलिंग की प्रक्रिया जारी है। राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन गोदाम में रखा कपड़े का सारा माल जलकर नष्ट हो गया। आग लगने का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। हालांकि शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। मामले की जांच जारी है।

चीफ फायर ऑफिसर बसंत पारीख ने बताया कि दोपहर करीब 12:15 बजे सूचने मिलने के बाद शुरुआत में तीन गाड़ियां मौके पर भेजी गई थीं। स्थिति गंभीर होने पर अतिरिक्त टीमों को बुलाया गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे