home page

सूरत सिविल अस्पताल में लगी आग, बड़ा हादसा टला

 | 
सूरत सिविल अस्पताल में लगी आग, बड़ा हादसा टला


सूरत, 24 अक्टूबर (हि.स.)। सूरत के नए सिविल अस्पताल के पुराने मेडिकल इंटेंसिव केयर यूनिट विभाग में इलेक्ट्रिकल शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई। आग से परिसर में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन दमकल विभाग की तत्परता से आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय वहाँ कोई मरीज मौजूद नहीं था और कोई जनहानि नहीं हुई।

अस्पताल के फिजियोथेरेपी ओपीडी के पास स्थित पुराने हॉल में इलेक्ट्रिकल पीआईयू विभाग का काम चल रहा था। इसी दौरान शॉर्ट सर्किट के कारण आसपास रखी ज्वलनशील वस्तुओं में आग लग गई। घटना के समय वहाँ चार से पाँच कर्मचारी काम कर रहे थे। आग लगते ही वे तुरंत सुरक्षित बाहर निकल आए।

घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन, फायर ऑफिसर और उनकी टीम सक्रिय हो गई। सूरत महानगरपालिका के दमकल विभाग तथा छह दमकल स्टेशनों से लगभग नौ दमकल वाहन घटनास्थल पर पहुँचे। दमकल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही मिनटों में आग पर काबू पा लिया।

अस्पताल के इंचार्ज आर.एम.ओ. डॉ. लक्ष्मण टेलिया के अनुसार आग पुराने खाली हॉल में लगी थी, जहाँ इलेक्ट्रिकल कार्य किया जा रहा था। घटना के समय वहाँ कोई मरीज मौजूद नहीं था। काम कर रहे कर्मचारियों को तत्काल सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के कारण आग फैलने से रोक ली गई और एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे