home page

गुजरात में नए प्रदेश अध्यक्ष और राज्य मंत्रिमंडल विस्तार पर सबकी निगाहें

 | 
गुजरात में नए प्रदेश अध्यक्ष और राज्य मंत्रिमंडल विस्तार पर सबकी निगाहें
गुजरात में नए प्रदेश अध्यक्ष और राज्य मंत्रिमंडल विस्तार पर सबकी निगाहें


अहमदाबाद, 10 जून (हि.स.)। केन्द्रीय मंत्रिमंडल में गुजरात से 6 मंत्रियों के शामिल होने के बाद अब सबकी निगाहें गुजरात सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पर टिक गई है। नवसारी से सांसद और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल को केन्द्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। लोकसभा चुनाव के साथ ही राज्य की 5 विधानसभा सीटों पर उप चुनाव हुए। इसमें कांग्रेस और निर्दलीय विधायक इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हुए थे, वे सभी जीतकर वापस विधायक बने हैं। ऐसी संभावना है कि इसमें कई को राज्य मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है।

लंबे समय तक प्रदेश की राजनीति में सिरमौर रहने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल अब केन्द्र की राजनीति में उतर चुके हैं। पाटिल का प्रदेश अध्यक्ष का एक टर्म पूरा हो चुका है, वहीं एक साल का एक्सटेंशन भी अब पूरा होने को है। इसलिए अब पूरी संभावना है कि गुजरात में भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी किसी अन्य नेता को सौंपी जा सकती है। फिलहाल गुजरात में परषोत्तम रूपाला खाली हो गए हैं। पार्टी में दूसरे वरिष्ठ नेताओं में रजनी पटेल, देवुसिंह चौहाण, आई के जाडेजा, बाबुभाई जेबलिया, प्रदीप सिंह जाडेजा, विनोद चावडा, मयंक नायक, जगदीश विश्वकर्मा, गोरधन झडफिया, भरत डांगर, दिनेश अनावाडिया, गणपत वसावा, भूपेन्द्रसिंह चुडास्मा, इंद्रविजय सिंह जाडेजा, विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी आदि के नाम पर पार्टी विचार कर सकती है। जातिगत समिकरण की बात करें तो यह पद ओबीसी समाज या सौराष्ट्र के लेउवा पटेल में से किसी को दिया जा सकता है।

मंत्रिमंडल में खाली जगह

गुजरात मंत्रिमंडल में अभी 7-8 मंत्रियों की जगह खाली है। लोकसभा चुनाव के साथ गुजरात की 5 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुआ था। इसमें पोरबंदर से अर्जुन मोढवाडिया, वीजापुर से सी जे चावडा, खंभात से चिराग पटेल, वाघोडिया से धर्मेन्द्रसिंह वाघेला और माणवदर से अरविंद लाडाणी चुनाव जीतकर आए हैं। उम्मीद की जा रही है कि इसमें अर्जुन मोढवाडिया और सीजे चावडा को भाजपा सरकार में मंत्रिमंडल में लाया जा सकता है। इसके अलावा अन्य कई दूसरे नेताओं को भी राज्य मंत्रिमंडल में जाया जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार/बिनोद/संजीव