home page

दिल्ली सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित करेगी : मुख्यमंत्री

 | 
दिल्ली सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित करेगी : मुख्यमंत्री


नई दिल्ली, 21 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय को बढ़ाने और उनके योगदान को सम्मान देने के लिए ‘आंगन का मिलन’ नामक विशेष कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर बच्चों, महिलाओं और परिवारों तक सरकार की सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उनके समर्पण और योगदान को सम्मान देना सरकार की जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने सोमवार को एक विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान के लिए दिल्ली की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम 23 सितंबर से कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, लाभार्थियों, बच्चों, महिलाओं, अभिभावकों और स्थानीय समुदाय की भागीदारी होगी। इन कार्यक्रमों के लिए करीब 25 हजार निमंत्रण पत्र भेजे जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इस पहल से जोड़ा जा सके। हर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 500 लोगों की भागीदारी प्रस्तावित है। इनमें विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि, लाभार्थी, बच्चे, गर्भवती महिलाएं, स्तनपान कराने वाली महिलाएं, माता-पिता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायक, क्रेच कार्यकर्ता एवं सहायक, समुदाय के प्रतिनिधि तथा अन्य संबंधित हितधारक शामिल होंगे। कार्यक्रम में प्रतिभागियों को पोषण शपथ भी दिलाई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान के लिए 2,500 रुपये के सामान वाली विशेष सम्मान किट भी तैयार की गई है। इस किट में बैग, यूनिफॉर्म, इंसुलेटेड पानी की बोतल, कैप, प्राथमिक उपचार पाउच और छाता शामिल हैं। विधानसभा स्तर के कार्यक्रमों के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा यह किट आंगनबाड़ी से जुड़े अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं को प्रदान की जाएगी। यह सम्मान किट आंगनबाड़ी सेवाओं को लोगों तक पहुंचाने और समुदाय से जुड़ाव मजबूत करने में कार्यकर्ताओं के योगदान के प्रति सम्मान और सराहना का प्रतीक होगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित किए जा रहे इन कार्यक्रमों को 9वें राष्ट्रीय पोषण माह से भी जोड़ा गया है। महिला एवं बाल विकास विभाग केंद्र सरकार द्वारा प्रायोजित ‘सक्षम आंगनबाड़ी एवं पोषण’ योजना के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक राष्ट्रीय पोषण माह मना रहा है। इस वर्ष इसकी थीम ‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ है। इसका उद्देश्य पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना, समुदाय की भागीदारी को मजबूत करना और आंगनवाड़ी सेवाओं के प्रति लोगों में जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव