home page

खाद्य सुरक्षा विभाग ने 131 किलो एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों को किया नष्ट

 | 
खाद्य सुरक्षा विभाग ने 131 किलो एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों को किया नष्ट


नई दिल्ली, 27 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली खाद्य सुरक्षा विभाग ने रक्षाबंधन और अन्य त्योहार से पहले डेयरी पदार्थों, मिठाइयों और खाने-पीने की वस्तुओं की मांग बढ़ने की संभावना को देखते हुए दिल्ली में जांच, निगरानी और नियमों को कड़ाई से लागू करने के अभियान को तेज कर दिया है। यह अभियान दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह के निर्देश पर चलाया जा रहा है। अभियान के तहत लगभग 131 किलो एक्सपायर हो चुके खाद्य पदार्थ को मौके पर नष्ट कर दिया गया।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने मिठाई बनाने वाली जगहों, मंडियों, बाजार, खाने-पीने की दुकानों और दूसरी संवेदनशील जगहों पर जांच और सैंपलिंग अभियान तेज कर दिए हैं। इसमें डेयरी पदार्थों जैसे पनीर, खोया और घी के साथ-साथ मिठाइयों और ज़्यादा मांग वाली खाने की वस्तुओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। दिल्ली के ओखला, बादली, निहाल विहार और नरेला जैसे इलाकों में मिठाई बनाने वाली जगहों के साथ-साथ ओखला सब्जी मंडी और घंटाघर सब्जी मंडी समेत विभिन्न स्थानों में भी जांच अभियान चलाया गया। अभियान के तहत लगभग 131 किलोग्राम एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

खाद्य सुरक्षा टीमों ने 'खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006' के प्रावधानों के तहत पनीर, खोया, घी, मिठाइयों और अन्य खाद्य उत्पादों के 37 नमूने भी एकत्र किए हैं। इन सभी नमूनों को गुणवत्ता जांच के लिए निर्धारित खाद्य परीक्षण प्रयोगशालाओं में भेजा जाएगा। प्रयोगशाला के नतीजों और कानून के लागू प्रावधानों के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि दिल्ली के नागरिकों की सेहत और सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के कारण हमने खाद्य सुरक्षा विभाग को निर्देश दिया है कि वे पूरे शहर में कड़ी निगरानी रखने के साथ सख्ती से जांच और सैंपलिंग सुनिश्चित करें। डेयरी और दूध से बने उत्पादों, मिठाइयों और ज़्यादा मांग वाली अन्य खाद्य वस्तुओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

स्वास्थ्य मंत्री ने दोहराया कि असुरक्षित या मिलावटी खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण, वितरण या बिक्री में शामिल पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी से अपील की कि वे प्रवर्तन टीमों का सहयोग करें और त्योहारों के मौसम में राजधानी दिल्ली के नागरिकों के लिए सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ सुनिश्चित करने में अपना योगदान करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव