home page

सूरत नई सिविल अस्पताल में 30 बेड का आधुनिक डायलिसिस केंद्र शुरू

 | 
सूरत नई सिविल अस्पताल में 30 बेड का आधुनिक डायलिसिस केंद्र शुरू


सूरत, 13 सितंबर (हि.स.)। सूरत की नई सिविल अस्पताल एवं सरकारी चिकित्सा महाविद्यालय में रविवार को विभिन्न नई स्वास्थ्य सुविधाओं का लोकार्पण उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रफुल पानशेरिया, विधायक संगीता पाटील और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पारुल वडगामा सहित अधिकारी मौजूद रहे।

नई सुविधाओं में 30 बेड का आधुनिक डायलिसिस केंद्र, चिकित्सा आईसीयू का विस्तार 10 से बढ़ाकर 20 बेड तथा शल्य चिकित्सा आईसीयू का विस्तार भी 10 से बढ़ाकर 20 बेड किया गया है। इसके अलावा अंगदान से जुड़े मरीजों के लिए पृथक आईसीयू, उन्नत आपातकालीन विभाग और हेल्प डेस्क की सुविधा भी शुरू की गई।

उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि सिविल अस्पताल में प्रतिदिन 4,500 से 5,000 मरीजों को बाह्य रोगी विभाग के माध्यम से उपचार मिलता है। 1,500 बेड की क्षमता वाले अस्पताल की चिकित्सा और नर्सिंग टीम लगातार मरीजों की सेवा कर रही है। उन्होंने सिविल अस्पताल की अंगदान टीम के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि टीम ने जीवन बचाने के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है।

स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रफुल पानशेरिया ने अस्पताल के कर्मचारियों और चिकित्सकों की सेवाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि अस्पताल को स्वच्छता और बेहतर उपचार के मामले में देश के लिए उदाहरण बनाने का संकल्प लिया जाना चाहिए।

उन्होंने चिकित्सा क्षेत्र में वरिष्ठों द्वारा कनिष्ठों के साथ की जाने वाली रैगिंग को किसी भी स्थिति में अस्वीकार्य बताते हुए सभी से अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील की। उन्होंने कामरेज में 1,500 बेड की अस्पताल परियोजना की प्रगति की जानकारी भी दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे