सूरत: डिप्टी सीएम हर्ष संघवी ने वृद्धाश्रम में होली मनाई, कहा – “मैं बुजुर्गों का बेटा हूं”
Gujarat, 04 मार्च (हि.स.)। सूरत शहर में धूलेंडी के पर्व पर एक भावनात्मक दृश्य देखने को मिला, जब राज्य के डिप्टी मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने एक वृद्धाश्रम का दौरा कर बुजुर्गों के साथ रंगों का त्योहार मनाया। इस दौरान उन्होंने बुजुर्गों के साथ समय बिताया, उनसे आत्मीय बातचीत की और होली-धूलेंडी की खुशियां साझा कीं।
मुलाकात के दौरान हर्ष संघवी ने कहा कि बुजुर्ग समाज के लिए आशीर्वाद समान हैं। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों ने जीवनभर परिवार और समाज के लिए जो योगदान दिया है, वह अमूल्य है। उन्होंने सभी के जीवन में खुशियों और सकारात्मकता के रंग बने रहने की कामना भी की।
उन्होंने आगे कहा कि होली के अवसर पर बुजुर्गों का आशीर्वाद प्राप्त करना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि“बुजुर्गों के चेहरों पर खुशियों के ये रंग हमेशा बने रहें, यही मेरी प्रार्थना है,”।
हर्ष संघवी ने बताया कि वे हर साल त्योहारों के दौरान वृद्धाश्रम में जाकर बुजुर्गों से मिलते हैं। भावुक होते हुए उन्होंने कहा, “मैं बुजुर्गों का बेटा हूं। आज उनकी आंखों में जो आंसू आए, वे दुख के नहीं बल्कि खुशी के आंसू थे।” यह बात सुनकर वहां मौजूद लोग भी भावुक हो गए।
इस दौरान उन्होंने अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और युद्ध के मुद्दे पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि विदेशों में फंसे भारतीय नागरिकों को सुरक्षित वापस लाने के लिए सरकार द्वारा विशेष व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने याद दिलाया कि यूक्रेन संकट के समय भी भारत सरकार ने अपने नागरिकों को सुरक्षित वापस लाने का सफल प्रयास किया था।
हर्ष संघवी ने इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसी कठिन परिस्थितियों में नागरिकों की सुरक्षा के लिए सरकार पूरी तरह सजग रहती है।
अंत में उन्होंने सभी नागरिकों को होली और धूलेंडी की शुभकामनाएं देते हुए आशा जताई कि सभी के जीवन में खुशियों के रंग हमेशा बने रहें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

