गुजरात सीमा के 20 गांवों में रात बिताएंगे 10 आईपीएस, ग्रामीणों और जवानों की सुनेंगे समस्या
गांधीनगर, 24 नवंबर (हि.स.)। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे गुजरात के 20 सुदूरवर्ती गाँवों में सुरक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखने के लिए राज्य के 10 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आगामी 26 और 27 नवंबर को दो दिवसीय विशेष दौरे पर रहेंगे। इस दौरान अधिकारी स्थानीय ग्रामीणों के घरों में रात्रि निवास कर आम नागरिकों और सीमा पर तैनात जवानों की समस्याओं को सीधे सुनेंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 'चतुर्भुज सुरक्षा ग्रिड' के विजन तथा मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी के मार्गदर्शन में इस विशेष फील्ड एक्सरसाइज का आयोजन किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती सुरक्षा ढांचे, बॉर्डर पेट्रोलिंग और सुरक्षा एजेंसियों की तैयारियों का प्रत्यक्ष निरीक्षण कर सरहद को अधिक अभेद्य बनाना है।
इस अभियान के तहत कच्छ, वाव-थराद और पाटण जिलों के चयनित गाँवों की जिम्मेदारी वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी गई है। इनमें आईजीपी संदीप सिंह, एन. एन. चौधरी, मकरंद चौहान, संयुक्त पुलिस आयुक्त शरद सिंघल, डीआईजीपी विधि चौधरी तथा पुलिस अधीक्षक रवि मोहन सैनी, अक्षय राज, यशपाल जगाणिया, एम. जे. चावड़ा और डीसीपी मयूर पाटिल शामिल हैं। ये अधिकारी संबंधित गाँवों में रात्रिकालीन समीक्षा बैठकें कर सीमा सुरक्षा और क्षेत्रीय विकास से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव तैयार करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

