उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने 101 नई एसटी बसों को दिखाई हरी झंडी
गांधीनगर, 06 नवंबर (हि.स.)। दिवाली और धनतेरस के शुभ अवसर पर गुजरात के नागरिकों को आधुनिक और सुरक्षित परिवहन की सौगात मिली। उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने गांधीनगर से 101 नई एसटी बसों का लोकार्पण कर उन्हें जनता की सेवा के लिए रवाना किया। इस अवसर पर परिवहन राज्य मंत्री प्रवीण माली भी उपस्थित रहे।
उपमुख्यमंत्री ने एक विशेष पहल करते हुए परंपरागत प्रोटोकॉल से हटकर एसटी निगम के कर्मचारियों को भी इस अवसर से जोड़ा। उन्होंने कर्मचारियों के हाथों ही नई बसों को हरी झंडी दिखवाकर रवाना कराया। नई बसों के शुरू होने से दिवाली के त्योहार के दौरान यात्रियों की आवाजाही आसान होगी। साथ ही राज्य के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच परिवहन संपर्क और अधिक मजबूत होगा। इस दौरान उन्होंने एसटी निगम के कर्मचारियों को दिवाली का त्योहार मनाने के लिए आधा वेतन अग्रिम देने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम से पहले हर्ष संघवी ने एसटी निगम की रीढ़ माने जाने वाले बस चालकों, कंडक्टरों और वर्कशॉप के कर्मचारियों के साथ आत्मीय संवाद किया। उन्होंने सभी कर्मचारियों और उनके परिवारों को दिवाली तथा नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर गांधीनगर महानगरपालिका के महापौर रूपसिंह ठाकोर, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेशभाई पटेल, विधायक अल्पेश ठाकोर, विधायक रीताबेन पटेल, परिवहन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव हारित शुक्ला, जीएसआरटीसी के उपाध्यक्ष एवं प्रशासनिक संचालक डॉ. राजेंद्र कुमार, निगम के सचिव रवि निर्मल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और एसटी निगम के कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

