home page

मधुबन डैम में दरार और टूटने की अफवाह से बचें, डैम पूरी तरह सुरक्षित: वलसाड जिला प्रशासन

 | 
मधुबन डैम में दरार और टूटने की अफवाह से बचें, डैम पूरी तरह सुरक्षित: वलसाड जिला प्रशासन


वलसाड, 25 जुलाई (हि.स.)। वलसाड जिले और आसपास के क्षेत्रों में सोशल मीडिया पर मधुबन डैम में दरार पड़ने और डैम टूटने की अफवाह तेजी से फैलने के बाद लोगों में दहशत का माहौल बन गया। विशेष रूप से केंद्र शासित प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली (सिलवासा) में रहने वाले कई श्रमिक भयभीत होकर अपने परिवार और सामान के साथ सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे।

अफवाह फैलते ही वलसाड जिला कलेक्टर क्षिप्रा एस. अग्रे ने तत्काल स्पष्टीकरण जारी करते हुए इसे पूरी तरह झूठा और निराधार बताया। उन्होंने कहा कि दमनगंगा, मधुबन डैम, कोलक नदी या किसी भी अन्य डैम में कोई दरार नहीं आई है और न ही किसी डैम के टूटने या भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने की खबर सही है। सभी डैम पूरी तरह सुरक्षित हैं और स्थिति प्रशासन के नियंत्रण में है।

कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की कि सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे अपुष्ट संदेशों पर विश्वास न करें और न ही उन्हें आगे साझा करें। यदि किसी को ऐसी कोई जानकारी मिलती है तो उसकी पुष्टि पहले जिला प्रशासन, मामलतदार कार्यालय या संबंधित सरकारी अधिकारियों से अवश्य करें।

उन्होंने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से झूठी जानकारी और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस बीच, वलसाड के प्रभारी मंत्री एवं आदिजाति कल्याण मंत्री नरेश पटेल ने भी मधुबन डैम के पूरी तरह सुरक्षित होने की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में अफवाह फैलाना बेहद गैर-जिम्मेदाराना है और लोगों से केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की।

प्रशासन ने बताया कि सभी नदियों और डैमों की लगातार निगरानी की जा रही है तथा नागरिकों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने का आग्रह किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे