home page

वडोदरा में भाजपा की पदयात्रा, पोस्टरों को लेकर विवाद

 | 

वडोदरा, 28 अक्टूबर (हि.स.)। गुजरात के वडोदरा में भाजपा ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आज पदयात्रा निकाली गई। शहर के ऐतिहासिक नवाबलखी मैदान से शुरू हुई इस पदयात्रा में गुजरात के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रदेश के मंत्री रमन सोलंकी, मनीषाबेन वकील, कमलेश पटेल और दंडक बालकृष्ण शुक्ल सहित कई नेता उपस्थित रहे।

पदयात्रा से पहले शहर के विभिन्न इलाकों में ‘#Pro Modi’ और ‘#Anti BJP’ लिखे पोस्टर लगाए जाने से विवाद खड़ा हो गया। इन पोस्टरों में लोकतंत्र और पार्टी की आंतरिक व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए गए थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पार्टी के प्रदेश महामंत्री अजय ब्रह्मभट्ट ने कहा कि ‘मोदी विरोधी नहीं चलेगा, गुजरात विरोधी नहीं चलेगा।’ उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2014 से अब तक कांग्रेस 56 चुनाव हार चुकी है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, पदयात्रा दोपहर 4 बजे नवाबलखी मैदान से शुरू होकर कीर्तिस्तंभ, मार्केट चार रास्ता, बंबाखाना चार रास्ता, टावर चार रास्ता और कोठी चार रास्ता होते हुए वापस नवाबलखी मैदान पहुंचकर समाप्त हुई। निर्धारित मार्ग पर विभिन्न व्यापारिक संगठनों और स्थानीय निवासियों द्वारा पदयात्रा का स्वागत किया गया ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे