home page

मुख्यमंत्री शहरी बस सेवा योजना के तहत नवसारी, वापी और पालनपुर में 17 नए रूट मंजूर

 | 
मुख्यमंत्री शहरी बस सेवा योजना के तहत नवसारी, वापी और पालनपुर में 17 नए रूट मंजूर


गांधीनगर, 30 अप्रैल (हि.स.)। गुजरात सरकार शहरों में रहने वाले नागरिकों को बेहतर और आधुनिक परिवहन सुविधा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इस योजना के तहत नवसारी, वापी और पालनपुर में 17 नए रूट मंजूर किए गए हैं।

नवसारी महानगरपालिका क्षेत्र में 7 नए बस रूट मंजूर किए गए हैं, जिससे शहर के एक छोर से दूसरे छोर तक आवागमन आसान और सस्ता होगा। औद्योगिक नगरी वापी में 4 नए बस रूट को मंजूरी दी गई है। इन रूट्स के शुरू होने से श्रमिकों और नौकरीपेशा लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी।

इसके अलावा बनासकांठा जिले के प्रमुख शहर पालनपुर में 6 नए बस रूट स्वीकृत किए गए हैं। इससे आसपास के क्षेत्रों से आने वाले छात्रों और आम लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और आवागमन अधिक सुगम बनेगा। सरकार के इस निर्णय से न केवल सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि शहरों में ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा और पर्यावरण को भी फायदा पहुंचेगा।

उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि इन नए रूट्स का मुख्य उद्देश्य नागरिकों की रोजमर्रा की यात्रा को सुविधाजनक, सुरक्षित और समयबद्ध बनाना है। दूरदराज के क्षेत्रों तक बस सेवा पहुंचने से लोगों के समय और पैसे दोनों की बचत होगी। राज्य सरकार आधुनिक बसों के माध्यम से सुरक्षित और आरामदायक यात्रा अनुभव देने के लिए भी प्रतिबद्ध है, जो शहरों के समग्र विकास में सहायक साबित होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे