मुख्यमंत्री ने विश्व पर्यावरण दिवस पर ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान का किया राज्यव्यापी शुभारंभ
गांधीनगर में पीपल का पौधा लगाकर दिया जल, पेट्रोल और ऊर्जा बचाने तथा व्यापक वृक्षारोपण का संदेश
गांधीनगर, 05 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गांधीनगर से ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ वृक्षारोपण अभियान का राज्यव्यापी शुभारंभ किया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2024 में धरती माता को हरित बनाने के पर्यावरण-अनुकूल दृष्टिकोण के साथ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की शुरुआत की थी। प्रधानमंत्री के सफल सुशासन के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस से ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान का मुख्यमंत्री पटेल ने राज्य के वन एवं पर्यावरण मंत्री प्रवीणभाई माली की विशेष उपस्थिति में गांधीनगर के ‘ज’ रोड स्थित लोकभवन स्टाफ क्वार्टर के समीप लगभग 0.5 हेक्टेयर क्षेत्र में कुल 5,000 पौधों के वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि पर्यावरण दिवस केवल एक उत्सव न रह जाए, बल्कि यह लोगों की दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए मिशन लाइफ (लाइफस्टाइल फॉर एनवायरमेंट) को अपनाने का आह्वान करते हुए जल, पेट्रोल और अन्य पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों की बचत करने और अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संदेश दिया। उन्होंने सतत विकास (सस्टेनेबल डेवलपमेंट) के लिए ‘बैक टू बेसिक्स’ के लक्ष्य को अपनाते हुए सभी नागरिकों से पर्यावरण-अनुकूल वातावरण के निर्माण में सहभागी बनने का आग्रह किया।
राज्य सरकार के वन विभाग ने वर्ष 2026-27 के दौरान ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ तथा वन महोत्सव के अंतर्गत पूरे राज्य में 74,453.90 हेक्टेयर क्षेत्र में 551.91 लाख पौधे लगाने की योजना बनाई गई है। आगामी मानसून में आमजन को पौधे आसानी से उपलब्ध हो सकें, इसके लिए राज्य की 423 नर्सरियों से कुल 11.80 करोड़ पौधों के वितरण की भी व्यवस्था की गई है।
वन विभाग ने पिछले वर्ष की तुलना में वन आवरण विस्तार के लक्ष्य में वृद्धि करते हुए इस वर्ष 440 हेक्टेयर क्षेत्र में लगभग 300 स्थानों पर वन आवरण विकसित करने की योजना बनाई है। इसके अलावा ‘ग्रीन वॉल ऑफ अरावली’ परियोजना के तहत 6,652 हेक्टेयर क्षेत्र में तथा 20,100 हेक्टेयर क्षेत्र में मैंग्रोव वृक्षारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के शुभारंभ अवसर पर गांधीनगर की महापौर मीराबेन पटेल, राज्यसभा सांसद मयंक नायक, गांधीनगर शहर भाजपा अध्यक्ष डॉ. आशीष दवे, वन एवं पर्यावरण विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. विनोद राव, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं हेड ऑफ फॉरेस्ट फोर्स डॉ. जयपाल सिंह, गांधीनगर जिला कलेक्टर रविंद्र खटाले सहित अनेक वरिष्ठ वन अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

