मुख्यमंत्री ने गांधीनगर में विजयादशमी पर किया शस्त्र पूजन
गांधीनगर, 20 अक्टूबर (हि.स.)। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने विजयादशमी के पर्व पर गांधीनगर स्थित अपने सरकारी आवास पर शास्त्रोक्त विधि-विधान से शस्त्र पूजन किया। असत्य पर सत्य की विजय के प्रतीक इस पर्व पर उन्होंने भारतीय संस्कृति की प्राचीन परंपरा का निर्वहन करते हुए शस्त्र और शास्त्र दोनों के महत्व को रेखांकित किया।
मुख्यमंत्री पटेल ने अपने सुरक्षा दल में तैनात सुरक्षाकर्मियों के शस्त्रों का मुख्यमंत्री निवास परिसर में विधिवत पूजन किया और सभी सुरक्षाकर्मियों को विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सुरक्षाकर्मियों को प्रेरणादायी मार्गदर्शन देते हुए कर्तव्य, जिम्मेदारी और कर्मयोग के महत्व पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा और रक्षा का दायित्व निभाने के साथ संवेदनशीलता, करुणा और सद्कर्मों की भावना बनाए रखते हुए निरंतर कर्तव्यपथ पर आगे बढ़ना ही सच्चा कर्मयोग और कर्तव्यनिष्ठा है। कर्तव्यपालन के साथ मानवीय मूल्यों की रक्षा और सद्कर्मों के माध्यम से आध्यात्मिक उन्नति का प्रयास भी जीवन में समान रूप से महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रहे पुलिस अधीक्षक तेजस पटेल ने शस्त्र पूजन के अवसर पर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात पुलिस उपाधीक्षक, पुलिस निरीक्षक, पुलिस उपनिरीक्षक, कमांडो और वाहन चालक सहित अन्य सुरक्षाकर्मी उपस्थित रहे और शस्त्र पूजन में सहभागी बने।
मोदी के कार्यकाल में शुरू हुई थी परंपरा
उल्लेखनीय है कि गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के दौरान मुख्यमंत्री निवास पर विजयादशमी के अवसर पर शस्त्र पूजन की परंपरा शुरू हुई थी। मुख्यमंत्री पटेल इस परंपरा को श्रद्धा, सांस्कृतिक आस्था और कर्तव्यनिष्ठा की भावना के साथ आगे बढ़ा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

