तालाब में डूबने से एक ही परिवार के 3 मासूमों की मौत, एक की हालत गंभीर
राजकोट, 05 जून (हि.स.)। गुजरात के राजकोट जिले के गोंडल तहसील के शेमला गांव के पास स्थित ओरिया तालाब में खेलते समय डूब जाने से तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है। इस हादसे से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना
से गांव में शोक का माहौल है।
शेमला गांव की एक वाड़ी में मजदूरी करने वाले परिवार के चार बच्चे पास स्थित ओरिया तालाब के किनारे खेल रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया, जिससे चारों बच्चे गहरे पानी में डूबने लगे। बच्चों के पानी में डूबने की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोगों, वाड़ी मालिक और परिजनों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद चारों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला गया और तुरंत निजी वाहन से गोंडल अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद तीन बच्चों को मृत घोषित कर दिया। मृतक बच्चों की पहचान अर्जुन भूराभाई बबेरीया (6 वर्ष), लखत करशनभाई डामोर (6 वर्ष) और लक्ष्मी करशनभाई डामोर (3 वर्ष) के रूप में हुई है जबकि हादसे में घायल साहिल भूराभाई बबेरीया (3 वर्ष) का बचाव कर लिया गया, लेकिन उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उसे पहले गोंडल सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए राजकोट रेफर किया गया। वर्तमान में उसका उपचार जारी है और चिकित्सकों की निगरानी में वह जिंदगी की जंग लड़ रहा है। बच्चों की मौत की खबर सुनते ही अस्पताल परिसर में परिजनों के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया।
पुलिस ने बताया की घटना की सूचना मिलते ही गोंडल पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृत बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना की खबर मिलते ही कई राजनीतिक और सामाजिक लोग भी अस्पताल पहुंचे। इस दौरान युवा नेता गणेश जाडेजा, तालुका पंचायत प्रमुख भरत ढोलरिया, कार्यकारी चेयरमैन सहदेवसिंह जाडेजा तथा तालुका भाजपा अध्यक्ष अश्विन ठूमर सहित अन्य नेताओं ने अस्पताल पहुंचकर शोकाकुल परिवार से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

