मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सरदार एकता यात्रा को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
गांधीनगर, 05 मार्च (हि.स.)। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गुरुवार को अहमदाबाद से अखिल भारतीय कुर्मी पाटीदार महासभा द्वारा आयोजित सरदार एकता यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का निर्माण कर लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को सच्ची श्रद्धांजलि दी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से सरदार पटेल की जयंती पूरे देश में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जा रही है। विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी भारत की एकता और अखंडता का प्रतीक बनकर पूरे विश्व में देश की पहचान को मजबूत कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने स्वतंत्र भारत के पहले उपप्रधानमंत्री और गृह मंत्री के रूप में 565 देसी रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत का निर्माण किया था। उनके जीवन मूल्यों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प के साथ लगातार प्रयास कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री पटेल ने कहा कि गुजरात और मध्य प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरने वाली इस यात्रा के माध्यम से सरदार पटेल के जीवन से जुड़ी अमूल्य वस्तुओं को आम जनता के दर्शन के लिए प्रदर्शित किया जाएगा। इससे लोगों में सरदार साहब के समर्पण, देशप्रेम और एकता की भावना को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने के लिए स्वदेशी अपनाने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करना ही सरदार पटेल को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में के.पी. विद्यार्थी भवन के प्रमुख और यात्रा के आयोजक सतीशभाई पटेल ने स्वागत भाषण दिया, जबकि पूर्व मंत्री गोरधनभाई झडफिया ने सरदार एकता यात्रा के उद्देश्य और आयोजन के बारे में जानकारी दी।
यात्रा के प्रस्थान के दौरान पूरे परिसर में “जय सरदार, सबके सरदार!” के नारे गूंज उठे।
इस अवसर पर सरदार धाम के अध्यक्ष गगजीभाई सुतारिया, सरदार पटेल राष्ट्रीय स्मारक के मानद सचिव आर.एस. पटेल, पाटीदार समाज के अग्रणी, महासभा के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

