home page

मुख्यमंत्री ने गांधीनगर-एयरपोर्ट रोड पर राज्य के पहले केबल-स्टेड फ्लाईओवर का किया लोकार्पण

 | 
मुख्यमंत्री ने गांधीनगर-एयरपोर्ट रोड पर राज्य के पहले केबल-स्टेड फ्लाईओवर का किया लोकार्पण


गांधीनगर, 05 जुलाई (हि.स.)। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने रविवार को गांधीनगर-अहमदाबाद एयरपोर्ट मार्ग स्थित भाट चौराहे पर बने राज्य के पहले शहरी केबल-स्टेड फ्लाईओवर ब्रिज का लोकार्पण कर इसे आम जनता के लिए समर्पित किया। इस अवसर पर उन्होंने कोबा सर्कल और भाट सर्कल के बीच नर्मदा मुख्य नहर पर बने मौजूदा छह लेन पुल को 12 लेन में विस्तारित करने की परियोजना का भी भूमिपूजन किया।

यह फ्लाईओवर गुजरात सरकार के सड़क एवं भवन विभाग और अहमदाबाद शहरी विकास प्राधिकरण (एयूडीए) की 50-50 प्रतिशत भागीदारी से निर्मित किया गया है। लगभग 175 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस 1.48 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर को राज्य के शहरी क्षेत्र का पहला केबल-स्टेड फ्लाईओवर होने का गौरव प्राप्त है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गांधीनगर-अहमदाबाद कॉरिडोर पर लगातार बढ़ते यातायात को देखते हुए कोबा सर्कल से भाट सर्कल के बीच नर्मदा मुख्य नहर पर बने मौजूदा छह लेन पुल के दोनों ओर तीन-तीन नई लेन जोड़कर इसे 12 लेन में परिवर्तित किया जाएगा। इस परियोजना पर लगभग 48 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे भविष्य में भी यातायात सुचारु बना रहेगा।

गांधीनगर-कोबा-एयरपोर्ट रोड और एस.पी. रिंग रोड पर प्रतिदिन लगभग 1.93 लाख वाहनों की आवाजाही होती है। भाट सर्कल प्रमुख जंक्शन होने के कारण यहां अक्सर भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती थी, जिससे लोगों का समय, ईंधन और धन तीनों की बर्बादी होती थी।

नए केबल-स्टेड फ्लाईओवर के शुरू होने से अब एस.पी. रिंग रोड का यातायात फ्लाईओवर के नीचे से तथा गांधीनगर-अहमदाबाद की ओर जाने वाला यातायात फ्लाईओवर के ऊपर से संचालित होगा। इससे ट्रैफिक का दबाव कम होगा और वाहन चालकों को जाम से बड़ी राहत मिलेगी। इसके

अलावा एस.पी. रिंग रोड से वडोदरा और सूरत की दिशा में जाने वाले वाहनों की सुविधा के लिए तीन-तीन लेन के कुल छह सर्विस रोड भी विकसित किए गए हैं, जिससे यातायात और अधिक सुगम होगा।

इस अवसर पर सांसद हसमुखभाई पटेल, गांधीनगर की विधायक रीताबेन पटेल और अल्पेश ठाकोर, गांधीनगर की महापौर मीराबेन पटेल, शहर भाजपा अध्यक्ष आशीष दवे, सड़क एवं भवन विभाग के सचिव प्रभात पटेलिया सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे