home page

डिंडोली छठ सरोवर में छठ महापर्व की भव्य तैयारियां, आज नहाय-खाय के साथ हुआ शुभारंभ

 | 
डिंडोली छठ सरोवर में छठ महापर्व की भव्य तैयारियां, आज नहाय-खाय के साथ हुआ शुभारंभ


सूरत, 13 नवंबर (हि.स.)। गुजरात के सूरत के डिंडोली स्थित छठ सरोवर में छठ महापर्व की भव्य तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। श्री छठ मानव सेवा ट्रस्ट की ओर से आयोजित इस चार दिवसीय लोकआस्था के महापर्व का शुभारंभ आज पारंपरिक नहाय-खाय की विधि के साथ हुआ। पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

छठ महापर्व के मद्देनजर छठ सरोवर और आसपास के क्षेत्र में व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सूरत महानगरपालिका के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग से सरोवर की सफाई, रंगरोगन और परिसर के सौंदर्यीकरण का कार्य अंतिम चरण में है। इसके साथ ही पुलिस विभाग की ओर से सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, जबकि ट्रस्ट के स्वयंसेवक श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं।

इस अवसर पर श्री छठ मानव सेवा ट्रस्ट के संस्थापक एवं अध्यक्ष राजेंद्र उपाध्याय ने सूरत महानगरपालिका, पुलिस विभाग तथा आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, अनुशासन, प्रकृति पूजा और लोकसंस्कृति का प्रतीक है। यह पर्व समाज में एकता, समरसता और पारिवारिक संस्कारों को भी मजबूत करता है।

राजेंद्र उपाध्याय ने सूरत के सभी श्रद्धालुओं से परिवार सहित छठ सरोवर पहुंचकर छठी मैया की आराधना में सहभागी बनने और पूरे भक्तिभाव के साथ महापर्व मनाने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे