home page

वडोदरा-जामनगर इंटरसिटी के संचालन में बदलाव, सुरेंद्रनगर तक ही चलेगी ट्रेन

 | 
वडोदरा-जामनगर इंटरसिटी के संचालन में बदलाव, सुरेंद्रनगर तक ही चलेगी ट्रेन


राजकोट, 30 जुलाई (हि.स.)। राजकोट रेल मंडल के आलियाबाड़ा-हापा-जामनगर सेक्शन में रेलवे ट्रैक पर चल रहे कार्य के कारण पश्चिम रेलवे ने पहले जारी की गई ट्रेन संचालन व्यवस्था में संशोधन किया है। पहले कुछ ट्रेनों का शॉर्ट टर्मिनेशन और शॉर्ट ओरिजिनेशन वांकानेर स्टेशन पर निर्धारित किया गया था, लेकिन अब इसकी जगह सुरेंद्रनगर स्टेशन को अस्थायी शॉर्ट टर्मिनेशन और शॉर्ट ओरिजिनेशन स्टेशन बनाया गया है।

संशोधित व्यवस्था के अनुसार वडोदरा-जामनगर इंटरसिटी एक्सप्रेस 1 से 7 अगस्त तक वांकानेर के बजाय सुरेंद्रनगर तक ही चलेगी और वहीं यात्रा समाप्त करेगी। इसी तरह बांद्रा टर्मिनस-जामनगर हमसफर एक्सप्रेस 1, 3 और 6 अगस्त को केवल सुरेंद्रनगर तक ही संचालित होगी।

वहीं वापसी दिशा में जामनगर-वडोदरा इंटरसिटी एक्सप्रेस 2 से 8 अगस्त तक वांकानेर के बजाय सुरेंद्रनगर से ही रवाना होगी। इसके अलावा जामनगर-बांद्रा टर्मिनस हमसफर एक्सप्रेस भी 2, 4 और 7 अगस्त को सुरेंद्रनगर से ही प्रस्थान करेगी।

पश्चिम रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे