न्यू सीमापुरी में चार मंजिला इमारत गिरी, बच्चे समेत 7 घायल
नई दिल्ली, 07 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर पूर्वी दिल्ली के न्यू सीमापुरी इलाके के ई-ब्लॉक में बुधवार को चार मंजिला इमारत भरभराकर गिर गई। इस हादसे में 3 साल के एक बच्चे समेत कुल 7 लोगों को मलबे से अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसा ई-ब्लॉक स्थित मकान नंबर ई-401 में हुआ। करीब 25 वर्ग गज के प्लॉट पर बनी इस इमारत के गिरने से आसपास की दो इमारतों को भी आंशिक नुकसान पहुंचा।
सूचना मिलने के बाद पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची। प्रभावित हिस्से से अब तक 7 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है, इनमें करीब 3 साल का एक बच्चा भी शामिल है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजे जाने की जानकारी है।
पुलिस और अन्य एजेंसियों की टीमें मौके पर राहत और बचाव अभियान चला रही हैं। मलबे में किसी और के फंसे होने की आशंका को देखते हुए इलाके की जांच की जा रही है। फिलहाल हादसे में इमारत गिरने की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस के मुताबिक, घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

