home page

‘वंदे मातरम्’ के अपमान के आरोप को लेकर भाजपा युवा मोर्चा का विरोध प्रदर्शन

 | 
‘वंदे मातरम्’ के अपमान के आरोप को लेकर भाजपा युवा मोर्चा का विरोध प्रदर्शन


सूरत, 16 अगस्त (हि.स.)। कांग्रेस मुख्यालय में स्वतंत्रता पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन को लेकर उठे विवाद के विरोध में सूरत महानगर भाजपा युवा मोर्चा ने कैंडल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और सोनिया गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए घटना की निंदा की तथा भगवान से सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की।

सूरत महानगर भाजपा महामंत्री दुर्गा प्रसाद पांडे ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ के गायन को लेकर कांग्रेस कार्यक्रम में जो घटनाक्रम सामने आया, वह दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगीत और राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान सभी राजनीतिक दलों और नेताओं की जिम्मेदारी है।

भाजपा युवा मोर्चा गुजरात प्रदेश महामंत्री डॉ. भाविन शिरोया ने आरोप लगाया कि ‘वंदे मातरम्’ के पूर्ण गायन के दौरान कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की कथित आपत्ति राष्ट्रगीत के प्रति असम्मान को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस घटना को राष्ट्रीय गौरव और राष्ट्रभावना का अपमान मानती है।

महानगर युवा मोर्चा अध्यक्ष बीपिनभाई तलाविया ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि देश के स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्रभावना का प्रतीक है। इसके सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता।

विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी कर अपना आक्रोश जताया। भाजपा नेताओं ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन राष्ट्रहित और राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

कार्यक्रम में भाजपा सूरत महानगर महामंत्री दुर्गा प्रसाद पांडे, भाजपा युवा मोर्चा गुजरात प्रदेश महामंत्री डॉ. भाविनभाई शिरोया, सूरत महानगर युवा मोर्चा अध्यक्ष बीपिनभाई तलाविया सहित बड़ी संख्या में पार्षद, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे