सूरत व्यापारियों के लिए राहत पैकेज का भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा ने किया स्वागत
सूरत, 15 जुलाई (हि.स.)। गुजरात भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा ने सूरत में भारी बारिश और बाढ़ से प्रभावित व्यापारियों, छोटे कारोबारियों तथा सेवा क्षेत्र की इकाइयों के लिए राज्य सरकार द्वारा घोषित पुनर्वास सहायता पैकेज का स्वागत किया है। उन्होंने इसे मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व वाली सरकार की संवेदनशील और निर्णायक कार्यशैली का उदाहरण बताया।
विश्वकर्मा ने बयान में कहा कि राहत पैकेज में लारी-रेहड़ी संचालकों, केबिन धारकों, छोटे व्यापारियों और जीएसटी रिटर्न भरने वाले दुकानदारों सहित सभी वर्गों को शामिल किया गया है। प्रभावित लोगों को 7,500 रुपये से एक लाख रुपये तक की नकद सहायता, कारोबार के पुनर्स्थापन के लिए ऋण सुविधा और ब्याज में राहत दी जाएगी। इसके अलावा प्रभावित आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्रों के लिए एक वर्ष के टैक्स की माफी का भी निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि अब तक 19,256 परिवारों को घरेलू सामान के नुकसान की सहायता और 39,237 व्यक्तियों को कैश डोल के तहत कुल 13.15 करोड़ रुपये की नकद सहायता दी जा चुकी है। विश्वकर्मा ने कहा कि यह पैकेज व्यापारियों को दोबारा खड़ा होने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने में मदद करेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी और राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

