भाजपा प्रदेश महामंत्री प्रशांतभाई कोराट ने स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की
सूरत, 06 अगस्त (हि.स.)। भाजपा प्रदेश महामंत्री प्रशांतभाई कोराट की अध्यक्षता में गुरुवार को सूरत महानगर भाजपा कार्यालय में देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले हर घर तिरंगा अभियान एवं तिरंगा यात्रा की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रशांतभाई कोराट ने कहा कि तिरंगे का सम्मान करना प्रत्येक भारतीय का कर्तव्य है तथा यह देश के प्रत्येक नागरिक के आत्मविश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से वर्ष 2022 में प्रारंभ हुआ हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, गौरव और आत्मीयता को मजबूत करने का अभियान है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा। राज्य के सभी जिलों एवं महानगरों में मंडल स्तर पर तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। साथ ही हर घर तिरंगा अभियान और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कोराट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विश्व के लगभग 35 देशों द्वारा प्रदान किए गए सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान भारत के तिरंगे और 140 करोड़ देशवासियों का सम्मान हैं।
बैठक में महापौर मायाबेन मावाणी, भाजपा सूरत महानगर के महामंत्री करसनभाई गोंडलिया, विरलभाई गीलिटवाला, दुर्गा प्रसाद पांडे, विधायकगण, स्थायी समिति के अध्यक्ष राजनभाई पटेल, शहर भाजपा के पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

