कांकरिया कार्निवल रद्द, फ्लावर शो की तारीख भी बदली
अहमदाबाद, 27 दिसंबर (हि.स.)। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के निधन पर सात दिवसीय राष्ट्रीय शोक को लेकर अहमदाबाद में कांकरिया कार्निवाल रद्द कर दिया गया है। इसके साथ ही एक जनवरी 2025 से शुरू होने वाले फ्लावर शो की तारीख में भी बदला दी गई है। हालांकि कांकरिया लेक फ्रंट परिसर निशुल्क प्रवेश के साथ चालू रखा जाएगा।
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह का 26 दिसंबर की रात दिल्ली के एआईआईएमएस हॉस्पिटल में निधन हो गया। इनके निधन के बाद देश में सात दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है। इसकी वजह से अहमदाबाद में आयोजित कांकरिया कार्निवाल महोत्सव को शुक्रवार से पूरी तरह से रद्द कर दिया गया है। यह कांर्निवाल 25 दिसंबर को शुरू किया गया था, जो कि 31 दिसंबर तक चलने वाला था। इसके अलावा अहमदाबाद के साबरमती रिवर फ्रंट पर एक जनवरी 2025 से आयोजित होने वाले फ्लावर शो की तारीख में भी बदलाव कर दिया गया है। इसे अब तीन जनवरी 2025 शुरू किया जाएगा।
अहमदाबाद की महापौर प्रतिभा जैन ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के निधन के कारण कांकरिया कार्निवाल काे रद्द कर दिया गया है। कार्निवाल में किसी तरह का कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा। हालांकि कांकरिया लेक फ्रंट परिसर में निशुल्क प्रवेश जारी रहेगा। साबरमती रिवरफ्रंट पर भी राष्ट्रीय शोक की वजह से एक जनवरी को होने वाला फ्लावर शो आयोजित नहीं हाेगा। यह अब तीन जनवरी से किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिनोद पाण्डेय

