home page

अमरेली : इंसान पर हमला करने वाले चार शेरों को किया पिंजर में कैद

 | 
अमरेली : इंसान पर हमला करने वाले चार शेरों को किया पिंजर में कैद


अमरेली, 27 जून (हि.स.)। गुजरात के अमरेली जिले में इंसान पर हमले की घटना के बाद वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार शेरों को पकड़ लिया है। कुछ दिनों पहले राजुला के कोवाया गांव में एक प्रवासी युवक पर शेरों ने हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया था। घटना के बाद वन विभाग ने विशेष अभियान चलाकर हमले में शामिल चारों शेरों को रेस्क्यू कर पिंजरे में बंद कर दिया है।

वन विभाग के अनुसार, पकड़े गए चारों शेरों को फिलहाल जाफराबाद स्थित बाबरकोट एनिमल केयर सेंटर में निगरानी में रखा गया है। इनके जैविक नमूने जांच के लिए भेजे गए थे, जिनकी रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि ये शेर मानव पर हमला कर चुके हैं। रिपोर्ट आने के बाद अब वन विभाग सरकार के निर्देश का इंतजार कर रहा है। संभावना है कि चारों शेरों को आजीवन निगरानी में रखने के लिए जूनागढ़ के प्रसिद्ध सक्करबाग प्राणी उद्यान भेजा जाएगा। वन विभाग का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई शासन के निर्देशों के अनुसार की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे