अहमदाबाद में क्राइम ब्रांच पर हमला, कुख्यात बदमाश धर्मेंद्र सिंह के पैर में मारी गोली
अहमदाबाद, 25 मई (हि.स.)। अहमदाबाद में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले कुख्यात अपराधियों के खिलाफ क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई की है। हत्या के प्रयास के मामले में लंबे समय से वांछित और शातिर धर्मेंद्र सिंह उर्फ धमो अभेसिंह बारड को पकड़ने गई क्राइम ब्रांच की टीम पर आरोपित ने हमला करने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार अहमदाबाद क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि नरोडा और कृष्णनगर क्षेत्र के कई मामलों में वांछित आरोपित धर्मेंद्र सिंह उर्फ धमो एक निश्चित स्थान पर मौजूद है। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने इलाके को चारों तरफ से घेरकर ऑपरेशन शुरू किया।
पुलिस टीम को देखते ही आरोपित ने आत्मसमर्पण करने के बजाय हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि उसने पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला करने की कोशिश की, जिसके बाद आरोपित और पुलिस के बीच जमकर झड़प हुई। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें एक गोली आरोपित के पैर में लगी।
गोली लगते ही आरोपित जमीन पर गिर पड़ा और पुलिस ने तुरंत उसे काबू में लेकर हिरासत में ले लिया। घायल आरोपित को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपित धर्मेंद्र सिंह उर्फ नरोडा पुलिस स्टेशन में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में वांछित था। उसका लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और विभिन्न पुलिस थानों में उसके खिलाफ 26 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या का प्रयास, रंगदारी, लूट, दंगा, आर्म्स एक्ट और शराबबंदी कानून के उल्लंघन जैसे अपराध शामिल हैं।पुलिस अधिकारी का कहना है कि आरोपित के स्वस्थ होने के बाद उससे गहन पूछताछ की जाएगी। साथ ही उसके अन्य साथियों और आपराधिक नेटवर्क को लेकर भी जांच आगे बढ़ाई जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

