बारिश के बाद सूरत में बढ़ा सांपों का खतरा, अडाजन में स्पोर्ट्स बाइक से निकला जहरीला कोबरा
सूरत,, 26 जुलाई (हि.स.)। दक्षिण गुजरात में भारी बारिश और बाढ़ का पानी उतरने के बाद अब रिहायशी इलाकों में जहरीले सांपों की मौजूदगी बढ़ने लगी है। अमरोली क्षेत्र में मगरमच्छ का बच्चा मिलने के बाद रविवार को सूरत के अडाजन स्थित गुजरात गैस सर्कल के पास एक स्पोर्ट्स बाइक में जहरीला कोबरा मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
लाखों की कीमत की टीवीएस स्पोर्ट्स बाइक के मालिक ने वाहन स्टार्ट करने का प्रयास किया तो इंजन और हेडलाइट के बीच बने हिस्से में कोबरा दिखाई दिया। इसकी सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद स्नेक रेस्क्यूअर धवल भंडारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में पता चला कि कोबरा बाइक की प्लास्टिक बॉडी और हेडलाइट के पीछे बने संकरे हिस्से में फंसा हुआ था, जिससे रेस्क्यू अभियान बहुत चुनौतीपूर्ण हो गया।
कई घंटों तक चले अभियान के दौरान कोबरा लगातार बाइक के अलग-अलग हिस्सों में सरकता रहा। रेस्क्यू टीम ने स्नेक स्टिक और टॉर्च की सहायता से सावधानीपूर्वक अभियान चलाकर कोबरा को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कोबरा के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद बाइक मालिक और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। वन विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार, रेस्क्यू किए गए कोबरा को उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ा जाएगा।
लगातार हो रही बारिश और बाढ़ के बाद सूरत में सांपों एवं अन्य वन्यजीवों के रिहायशी क्षेत्रों में पहुंचने की घटनाएं बढ़ रही हैं। ऐसे में विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी जहरीले जीव के दिखाई देने पर स्वयं उसे पकड़ने का प्रयास न करें, बल्कि तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यूअर को सूचना दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

