home page

65 तहसीलों में झमाझम बारिश; अगले 5 दिन आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी

 | 
65 तहसीलों में झमाझम बारिश; अगले 5 दिन आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी


गांधीनगर, 01 जुलाई (हि.स.)। गुजरात में मानसून अब पूरी ताकत के साथ सक्रिय हो गया है। लंबे इंतजार के बाद प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मेघराजा ने जोरदार दस्तक दी है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के 65 तालुकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक दक्षिण गुजरात के नवसारी जिले में करीब 4 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार राज्य में अगले पांच दिनों तक तेज हवाओं, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। इसे देखते हुए पूरे प्रदेश में थंडरस्टॉर्म अलर्ट जारी किया गया है और सभी जिला प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

इस वर्ष जून महीने में बारिश का प्रदर्शन काफी कमजोर रहा। जून में सामान्य 110.8 मिमी वर्षा के मुकाबले केवल 19.9 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से करीब 82 प्रतिशत कम है। हालांकि जुलाई की शुरुआत के साथ ही मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और बारिश की यह कमी तेजी से पूरी होने के संकेत मिल रहे हैं।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, वर्तमान में एक साथ चार प्रमुख मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। महाराष्ट्र से उत्तर केरल तक एक ऑफशोर ट्रफ, मध्य प्रदेश से कोंकण-गोवा तक दूसरी ट्रफ लाइन, 2 जुलाई को आने वाला नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस तथा 3 जुलाई को बंगाल की खाड़ी में बनने वाला लो-प्रेशर सिस्टम मिलकर गुजरात में भारी बारिश की अनुकूल परिस्थितियां बना रहे हैं। इन प्रणालियों के कारण पूर्वी और पश्चिमी हवाओं का संगम होगा, जिससे अगले सात दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।

बारिश के मौजूदा दौर में दक्षिण गुजरात और सौराष्ट्र सबसे आगे रहे हैं। नवसारी के जलालपुर और चिखली में मूसलाधार बारिश हुई। इसके अलावा अमरेली के सावरकुंडला, वलसाड के धरमपुर और नानापोंढा तथा सूरत शहर के साथ कामरेज, पलसाणा, महुवा, अंबिका, बारडोली, ओलपाड और चौर्यासी तालुकों में एक इंच से अधिक वर्षा दर्ज की गई।

वहीं खेड़ा के वासो, डांग के वघई, गिर सोमनाथ के ऊना और तापी के वालोड में भी अच्छी बारिश हुई है। बारिश से किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई है और आम लोगों को भी भीषण गर्मी से राहत मिली है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में गुजरात के कई हिस्सों में बारिश का दौर और तेज होगा। ऐसे में नागरिकों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे