home page

सीसीटीवी की मदद से 55 चोरी के मामलों का खुलासा, 3.83 करोड़ रुपये की संपत्ति बरामद

 | 
सीसीटीवी की मदद से 55 चोरी के मामलों का खुलासा, 3.83 करोड़ रुपये की संपत्ति बरामद


- वंदे भारत ट्रेनों पर पत्थरबाजी करने वाले आरोपित भी गिरफ्तार

वडोदरा, 09 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल में सीसीटीवी कैमरों की मदद से रेलवे में चोरी और पत्थरबाजी की घटनाओं पर कार्रवाई की गई है। वर्ष 2026 में अब तक यात्रियों के सामान की चोरी के 55 मामलों का खुलासा हुआ है। इन मामलों में 68 आरोपितों को पकड़कर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के हवाले किया गया। आरोपितों से कुल 3,83,73,196 रुपये की चोरी की संपत्ति बरामद की गई है।

नडियाद में 3.70 करोड़ की लूट का खुलासा

3 अक्टूबर 2026 को नडियाद रेलवे स्टेशन के फुट ओवरब्रिज पर भरतभाई का सोने और कीमती सामान से भरा बैग लूट लिया गया था। बैग में लगभग 2.710 किलोग्राम सोना था, जिसकी कुल कीमत 3,70,30,851 रुपये बताई गई। वारदात में रेलवे का एक पूर्व कर्मचारी और उसके तीन साथी शामिल थे। घटना के बाद आरोपित अलग-अलग वाहनों से फरार हो गए।

रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने स्टेशन और आसपास के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर आरोपितों तथा उनके वाहनों की पहचान की। फुटेज से मिले साक्ष्य गुजरात पुलिस के साथ साझा किए गए, जिसके आधार पर चारों आरोपियों को विरमगाम में लूटी गई पूरी संपत्ति के साथ पकड़ा गया। जीआरपी नडियाद ने 4 अक्टूबर को चारों को गिरफ्तार किया।

एसी कोच में चोरी की 23 वारदातों का खुलासा

12 अगस्त को सौराष्ट्र मेल (22945) के एसी कोच A/2 में सूरत और नडियाद के बीच अनिलभाई का नीला बैग चोरी हो गया था। बैग में सोने की चेन, नकदी और अन्य सामान सहित 11.71 लाख रुपये की संपत्ति थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान की गई और 19 अगस्त को श्याम नामक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने एसी कोचों में चोरी की 23 घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की। ये वारदातें नडियाद, गोधरा, वडोदरा, पालनपुर, अहमदाबाद और मेहसाणा में हुई थीं।

वंदे भारत पर पत्थरबाजी करने वालों पर कार्रवाईवर्ष 2026 में अब तक वंदे भारत ट्रेनों पर पत्थरबाजी की चार घटनाएं सामने आई हैं। सीसीटीवी फुटेज से आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया और रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

पश्चिम रेलवे के अनुसार सीसीटीवी निगरानी, तकनीकी विश्लेषण और सुरक्षा एजेंसियों के समन्वय से यात्रियों की सुरक्षा तथा रेलवे संपत्ति की रक्षा के प्रयास लगातार जारी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे