home page

सूरत में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां तेज, मेयर की मौजूदगी में 4,500 से अधिक लोगों ने किया योग

 | 
सूरत में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां तेज, मेयर की मौजूदगी में 4,500 से अधिक लोगों ने किया योग


सूरत, 11 जून (हि.स.)। शहर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं। इसको लेकर गुरुवार को मेयर मायाबेन मावाणी की अगुवाई में 4,500 से अधिक लोगों ने योग किया।

गुजरात राज्य योग बोर्ड द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गौरवशाली 12 वर्ष—विश्वास, विकास और जनकल्याण और 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 की पूर्व तैयारियों के अंतर्गत न्यू सिटी लाइट स्थित सी.बी. पटेल स्पोर्ट्स ग्राउंड में कॉमन योग प्रोटोकॉल शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सूरत की मेयर मायाबेन मावाणी की उपस्थिति रही। प्रातःकालीन सुखद वातावरण में 4,500 से अधिक नागरिकों ने उत्साहपूर्वक योग शिविर में भाग लिया।

इस अवसर पर मेयर मावाणी ने कहा कि 21 जून को वैश्विक स्तर पर ‘विश्व योग दिवस’ के रूप में मनाना भारत और प्रधानमंत्री मोदी का एक महत्वपूर्ण सपना रहा है। योग के माध्यम से विश्व के प्रत्येक नागरिक के जीवन में स्वास्थ्य, संतुलन और सद्भाव का प्रकाश फैलाने का उद्देश्य है।

उन्होंने कहा कि हम वर्षों से कहते आए हैं कि “सूरत सोने की मूरत है।” व्यापार, उद्योग और खानपान में सूरत हमेशा अग्रणी रहा है, लेकिन इस शहर को भीतर से, अर्थात मानसिक रूप से भी स्वर्ण समान पवित्र और तेजस्वी बनाने का कार्य योग करता है। यदि हमारा मन स्वस्थ होगा तो सूरत और अधिक समृद्ध तथा सक्षम बनेगा। योग हमारे शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य की अमूल्य औषधि है।

इस वर्ष 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 की वैश्विक थीम स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग निर्धारित की गई है, जबकि सूरत में आयोजित कॉमन योग प्रोटोकॉल शिविर की थीम ‘योगा फ़ॉर यूथ’ (युवा शक्ति के लिए योग) रखी गई थी। इस थीम के माध्यम से युवाओं में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने, स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने तथा योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संदेश दिया गया।

गुजरात राज्य योग बोर्ड के चेयरमैन योगसेवक शिशपालजी के मार्गदर्शन में कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार योगासन, प्राणायाम, ध्यान एवं अन्य योग क्रियाओं का प्रशिक्षण एवं अभ्यास कराया गया।

योग शिविर में शहर अध्यक्ष परेशभाई पटेल, उधना विधानसभा के विधायक मनुभाई पटेल, उपमहापौर सुधाकर चौधरी, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त बलराम मीणा, शहर संगठन के पदाधिकारी एवं नगरसेवक उपस्थित रहे। साथ ही सी.बी. पटेल नवनिर्माण एजुकेशनल कैंपस की प्राचार्य डॉ. मोनिका शर्मा, डॉ. विमल राठी, जोन कोऑर्डिनेटर डॉ. पारुलबेन पटेल, जिला कोऑर्डिनेटर नवनीत शेलड़िया, दिशा जानी, कृति बारडोलिया, हीना चावड़ा सहित बड़ी संख्या में योग साधक एवं नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे