दूध के टैंकर ने कार को मारी टक्कर, एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत
महीसागर, 14 अगस्त (हि.स.)। गुजरात के महीसागर जिले में शुक्रवार को सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई।
लुणावाड़ा-संतरामपुर हाइवे पर हरिगरना मुवाड़ा गांव के पास दूध के टैंकर और कार के बीच आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी। मृतकों की पहचान दाहोद जिले के फतेपुरा के तलाव फलिया निवासी हार्दिक प्रजापति, उनकी मां पुष्पाबेन प्रजापति और दादी सविताबेन प्रजापति के रूप में हुई है।
दूध का टैंकर लुणावाड़ा की ओर से सरसण शीत केंद्र जा रहा था। इसी दौरान सामने से संतरामपुर की ओर से आ रही कार से हरिगरना मुवाड़ा गांव के पास उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद टैंकर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए।
पुलिस ने बताया की सूचना मिलने पर संतरामपुर पुलिस थाने के पीआई सहित पुलिस का काफिला मौके पर पहुंचा। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार टैंकर चालक की तलाश के साथ पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

