पश्चिम रेलवे ने टिकट जांच से 27 करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला
अहमदाबाद, 06 मई (हि.स.)। पश्चिम रेलवे ने बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ अपनी कड़ी कार्रवाई जारी रखते हुए अप्रैल 2026 में रिकॉर्ड जुर्माना वसूला। सघन टिकट चेकिंग अभियान के माध्यम से रेलवे ने 3.6 लाख से अधिक यात्रियों से 27.37 करोड़ से अधिक का जुर्माना वसूला है।
यह मई 2022 में दर्ज ₹25.98 करोड़ के पिछले रिकॉर्ड से 5 प्रतिशत अधिक है।
बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर रोक लगाने के लिए मुंबई उपनगरीय सेवाओं, मेल-एक्सप्रेस, पैसेंजर और हॉलिडे स्पेशल ट्रेनों में लगातार सघन टिकट जांच अभियान चलाए गए। वरिष्ठ वाणिज्य अधिकारियों की निगरानी में पूरे नेटवर्क पर व्यापक जांच की गई जिसमें 3.60 लाख से अधिक यात्री बिना टिकट या अनियमित यात्रा करते पाए गए। उनसे ₹27 करोड़ से अधिक का जुर्माना वसूला गया, जो अप्रैल 2025 की तुलना में 25 प्रतिशत अधिक है।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक के अनुसार मुंबई सेंट्रल मंडल ने ₹13.06 करोड़, अहमदाबाद मंडल ने ₹4.22 करोड़ और रतलाम मंडल ने ₹3.41 करोड़ का जुर्माना वसूल किया। इन मंडलों ने पिछले पांच वर्षों में अपना सर्वोच्च राजस्व दर्ज किया है। एसी लोकल ट्रेनों में भी विशेष जांच अभियान चलाए गए, जहां 14 हजार से अधिक मामले पकड़े गए और लगभग ₹44 लाख का जुर्माना वसूला गया। यह पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 117 प्रतिशत अधिक है।
मुंबई उपनगरीय खंड में अप्रैल 2026 के दौरान 1.1 लाख से अधिक यात्री बिना टिकट यात्रा करते पाए गए, जिनसे ₹6 करोड़ से अधिक का जुर्माना वसूला गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

