करारी हार के बाद कांग्रेस में ‘सफाई अभियान’ : गांधीनगर में 20 कार्यकर्ता छह साल के लिए निलंबित
गांधीनगर, 07 मई (हि.स.)। राज्य में स्थानीय निकाय चुनाव में खराब प्रदर्शन के बाद कांग्रेस ने अब अनुशासन के नाम पर कार्रवाई शुरू कर दी है। गांधीनगर जिला कांग्रेस समिति ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में 20 पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को 6 वर्ष के लिए निलंबित कर दिया है।
गुजरात स्थानीय स्वराज चुनाव 2026 में कांग्रेस के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद पार्टी के भीतर आंतरिक कलह खुलकर सामने आने लगी है। गांधीनगर जिले में भाजपा की बड़ी जीत और कांग्रेस की हार के बाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदसिंह सोलंकी ने आधिकारिक पत्र जारी कर यह कार्रवाई की है।
पत्र में आरोप लगाया गया है कि इन सदस्यों ने पार्टी विरोधी गतिविधियां कीं और कांग्रेस के अधिकृत उम्मीदवारों को नुकसान पहुंचाया। निलंबित किए गए नेताओं और कार्यकर्ताओं में दहेगाम, मानसा और कलोल क्षेत्र के कई प्रमुख नाम शामिल हैं।
राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि कांग्रेस की हार के पीछे संगठनात्मक कमजोरी और नेतृत्व की कमी मुख्य कारण रहे, लेकिन आत्ममंथन करने के बजाय पार्टी ने अब जमीनी कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई शुरू कर दी है। एक साथ 20 सदस्यों को बाहर करने से आगामी 2027 विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी का संगठन और कमजोर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
निलंबित कार्यकर्ताओं में भी भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। उनका कहना है कि पार्टी नेतृत्व की विफलता छिपाने के लिए उन्हें बलि का बकरा बनाया गया है।
निलंबित सदस्यों की सूची में जगतसिंह चौहान, दीपाबेन ठाकोर और फरीदाबानू मलिक जैसे नाम शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

