मालिक से बदला लेने के लिए ₹150 के पेट्रोल से 14 दुकानों में लगाई थी आग
सूरत, 21 सितंबर (हि.स.)। गुजरात के सूरत जिले के सारोली क्षेत्र स्थित श्याम संगिनी टेक्सटाइल मार्केट में 9 सितंबर की रात लगी भीषण आग महज हादसा नहीं, बल्कि बदले की साजिश थी। क्राइम ब्रांच की जांच में सामने आया कि एकाउंटेंट ने मालिक से नाराजगी के चलते पेट्रोल छिड़ककर 14 दुकानों में आग लगा दी थी। आग में करीब 24 करोड़ रुपये का कपड़ा जलकर राख हो गया था। आग पर काबू पाने में दमकल विभाग को करीब 38 घंटे लगे थे।
महज ₹10 हजार के विवाद में रची साजिश
जांच में सामने आया कि श्याम संगिनी मार्केट की दुकान नंबर 639 में एकाउंटेंट के रूप में काम करने वाले 33 वर्षीय विनोद पंडित सावले ने मालिक से विवाद के बाद यह साजिश रची थी। वह अप्रैल 2026 से करीब 30 हजार रुपये मासिक वेतन पर काम कर रहा था। काम ठीक से नहीं होने को लेकर उसका मालिक हनुमान द्वारकाप्रसाद जावर से विवाद हुआ था और विनोद ने नौकरी छोड़ दी थी। विनोद का आरोप था कि मालिक की ओर से उसके 10 हजार रुपये बकाया थे। पैसे नहीं मिलने से नाराज होकर उसने मालिक को नुकसान पहुंचाने की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार घटना की रात विनोद ने देवध गांव स्थित पेट्रोल पंप से करीब ₹150 का पेट्रोल प्लास्टिक की थैली और बोतल में भरवाया। 8 सितंबर की रात करीब 9 बजे वह मार्केट पहुंचा और पांचवें माले की सीढ़ियों पर बैठा रहा। रात करीब 12:30 बजे जब पूरा मार्केट सुनसान हो गया, तब उसने मालिक की बंद दुकान के बाहर रखे कपड़े के बक्सों और पार्सलों पर पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी। इसके बाद आग तेजी से फैलती चली गई और कई दुकानें इसकी चपेट में आ गईं।
घटना के बाद सारोली पुलिस ने जांच शुरू की। आरोपित तक पहुंचने के लिए सूरत पुलिस के ‘विश्वास प्रोजेक्ट’ फेस-2 के तहत लगे 1500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। क्राइम ब्रांच ने आरोपित के आने-जाने के रास्ते से लेकर उसके लौटने तक की गतिविधियों की जांच की।
सीसीटीवी फुटेज में आरोपी की पहचान स्थापित होने के बाद पुलिस को पता चला कि वह डिंडोली के बीलीपार्क रेजिडेंसी में रहता था।
घटना के बाद अयोध्या और राजस्थान भागा था
पुलिस के अनुसार घटना के बाद जब सोशल मीडिया पर आग की घटना की जानकारी वायरल हुई और विनोद को अपने खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने का पता चला, तो वह घबरा गया। उसने मोबाइल फोन बंद किया और पत्नी तथा बच्चे के साथ सूरत छोड़कर राजस्थान के खाटूश्याम मंदिर और बाद में अयोध्या चला गया। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। जब वह डिंडोली के फ्लावर गार्डन के पास वापस आया, तब मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने उसे दबोच लिया। पुलिस ने आरोपित विनोद पंडित सावले को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

