सूरत की पी.पी. सवाणी गर्ल्स हॉस्टल में 100 छात्राओं को फूड पॉइजनिंग
सूरत, 13 सितंबर (हि.स.)। सूरत के अब्रामा क्षेत्र स्थित पी.पी. सवाणी गर्ल्स हॉस्टल में शनिवार रात भोजन करने के बाद करीब 100 छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। फूड पॉइजनिंग की आशंका के चलते सभी प्रभावित छात्राओं को उपचार के लिए अलग-अलग निजी और सरकारी अस्पतालों में ले जाया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में चिंतित अभिभावक हॉस्टल पहुंचे और भोजन व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। अभिभावकों ने आरोप लगाया कि हॉस्टल में पहले भी बासी और खराब भोजन परोसे जाने की शिकायतें छात्राओं द्वारा की जाती रही हैं। उनका आरोप है कि दोपहर में बचा हुआ भोजन कई बार रात में छात्राओं को परोसा जाता था।
कुछ छात्राओं द्वारा उचित भोजन नहीं मिलने पर केवल सादा चावल खाकर दिन गुजारने की शिकायत किए जाने की बात भी सामने आई है। अभिभावकों ने कहा कि लाखों रुपये की फीस लेने के बावजूद छात्राओं के स्वास्थ्य और भोजन की गुणवत्ता को लेकर गंभीर लापरवाही बरती जा रही है।
अभिभावकों ने मांग की है कि हॉस्टल के रसोईघर और भोजनालय की व्यवस्था संभालने वाले जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाए।
फिलहाल प्रभावित सभी छात्राओं का विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग भी सक्रिय हो गया है और भोजन के नमूने लेकर उनकी जांच कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है। जांच रिपोर्ट के बाद भोजन की गुणवत्ता और छात्राओं के बीमार होने के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

