home page

लॉस एंजेलिस में यश ने जिंदगी को लेकर कही दिल छूने वाली बात

 | 
लॉस एंजेलिस में यश ने जिंदगी को लेकर कही दिल छूने वाली बात


मुंबई, 28 अक्टूबर (हि.स.)। अभिनेता यश ने लॉस एंजेलिस के एकेडमी म्यूजियम ऑफ मोशन पिक्चर्स में आयोजित 'रामायण' के भव्य प्रीमियर में भारतीय सिनेमा और अपनी जड़ों को लेकर विचार शेयर किए। इस मौके पर उनके साथ निर्देशक नितेश तिवारी, निर्माता नमित मल्होत्रा और फिल्म के सह-कलाकार रणबीर कपूर व साई पल्लवी मौजूद रहे। यश अपनी पत्नी राधिका पंडित के साथ कार्यक्रम में पहुंचे, जहां प्रशंसकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। प्रीमियर का उद्देश्य भारतीय महाकाव्य 'रामायण' को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करना और इसकी सांस्कृतिक विरासत का जश्न मनाना था।

कार्यक्रम के दौरान यश ने कहा, आपकी शुरुआत कहां से हुई, इससे कभी तय नहीं होता कि आप कितनी दूर तक जा सकते हैं। उन्होंने कन्नड़ भाषा में दर्शकों का अभिवादन करने के बाद अपनी मातृभाषा और भारतीय फिल्म उद्योग का हिस्सा होने पर गर्व जताया। अभिनेता ने कहा कि भारत केवल कहानियां सुनाता नहीं, बल्कि उन्हें याद रखता है और पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाता है। उनके मुताबिक 'रामायण' हजारों वर्षों से भारतीय संस्कृति और कहानी कहने की परंपरा का अभिन्न हिस्सा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह फिल्म भारतीय विरासत के संदेश को दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचाएगी।

इससे पहले निर्माता नमित मल्होत्रा ने यश के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें फिल्म का सुपरस्टार होने के साथ अपना प्रोडक्शन पार्टनर भी बताया। यश की कंपनी मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स इस परियोजना में साझेदार है। अभिनेता की भूमिका फिल्म में अभिनय तक सीमित नहीं है, बल्कि वह इसके निर्माण में भी अहम योगदान दे रहे हैं।

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण' को दो भागों में बड़े पर्दे पर पेश किया जाएगा। भव्य स्तर पर तैयार की जा रही इस फिल्म में भारतीय महाकाव्य को नए सिनेमाई अंदाज में दिखाने की तैयारी है। फिल्म 5 नवंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे