विजय की फिल्म 'जना नायगन' 23 जुलाई को सिनेमाघरों में दस्तक देगी
साउथ भारतीय सिनेमा के सुपरस्टार और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'जना नायगन' की रिलीज तारीख का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है। फिल्म 23 जुलाई को दुनियाभर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी। इसे विजय के अभिनय करियर की अंतिम फिल्म माना जा रहा है, जिसके चलते प्रशंसकों के बीच इसे लेकर खास उत्साह देखने को मिल रहा है। भारतीय सिनेमा की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल 'जना नायगन' को विजय के शानदार फिल्मी सफर का ऐतिहासिक पड़ाव बताया जा रहा है। करोड़ों प्रशंसक उन्हें आखिरी बार बड़े पर्दे पर मुख्य भूमिका में देखने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
एच. विनोथ के निर्देशन और केवीएन प्रोडक्शंस के निर्माण में बन रही इस फिल्म को बड़े पैमाने पर तैयार किया जा रहा है। निर्माताओं का दावा है कि फिल्म दर्शकों को भव्य और यादगार सिनेमाई अनुभव प्रदान करेगी। रिलीज तारीख की घोषणा के साथ जारी बयान में निर्माता वेंकट के. नारायण ने कहा कि 'जना नायगन' भारतीय सिनेमा के उन दुर्लभ पलों में से एक होगी, जो इतिहास में दर्ज किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विजय का सिनेमा से शुरू हुआ सफर लाखों लोगों के लिए प्रेरणा बना और अंततः उन्हें तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद तक पहुंचाया।
निर्माताओं का मानना है कि यह फिल्म विजय के शानदार करियर को एक भावपूर्ण सलाम साबित होगी। रिलीज की घोषणा के साथ ही फिल्म को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं और अब दर्शकों की नजर इसके प्रचार अभियान, गाने और ट्रेलर पर टिकी है। 'जना नायगन' को वर्ष 2026 के सबसे बड़े सिनेमाई आयोजनों में से एक माना जा रहा है। ---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

