home page

विजय–रश्मिका की हल्दी में सजा शाही रंग, पीएम मोदी ने भेजी शुभकामनाएं

 | 
विजय–रश्मिका की हल्दी में सजा शाही रंग, पीएम मोदी ने भेजी शुभकामनाएं


उदयपुर, 25 फरवरी (हि.स.)। झीलों की नगरी इन दिनों फिल्मी सितारों की शाही शादी की साक्षी बनी हुई है। साउथ फिल्म इंडस्ट्री के स्टार विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की बुधवार को हल्दी सेरेमनी हुई। समारोह में पारंपरिक पीले फूलों की सजावट, विशेष लाइटिंग और संगीत के बीच उत्सवी माहौल नजर आया। गुरुवार को दोनों विवाह बंधन में बंधेंगे।

हल्दी सेरेमनी से पहले मंगलवार रात होटल मोमेंटोस एकाया में म्यूजिक पार्टी आयोजित हुई, जिसमें दूल्हा-दुल्हन एक-दूसरे का हाथ थामकर पहुंचे। विजय ने ब्लैक शेरवानी और रश्मिका ने सिल्वर आउटफिट में शिरकत की। परिवार और करीबी दोस्तों ने साउथ और बॉलीवुड गीतों पर प्रस्तुति दी, जबकि दोनों की स्पेशल परफॉर्मेंस आकर्षण का केंद्र रही।

शादी में शामिल होने ‘अर्जुन रेड्डी’ और ‘एनिमल’ जैसी फिल्मों के निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा भी उदयपुर पहुंचे। ‘अर्जुन रेड्डी’ में विजय मुख्य भूमिका में थे, वहीं रश्मिका ने ‘एनिमल’ में अहम किरदार निभाया। इसके अलावा ईशा रेब्बा, आशिका रंगनाथ, तरुण भास्कर और राहुल रविंद्रन सहित कई हस्तियां समारोह में शामिल हुईं।

विवाह की रस्मों के लिए साउथ इंडिया से पंडितों को बुलाया गया है। होटल में सजावट हल्के हरे शेड्स, ताजे फूलों और फलों से सजे सेंटरपीस के साथ की गई है। मेहमानों के लिए साउथ इंडियन, पंजाबी और जापानी व्यंजनों की विशेष व्यवस्था है। शादी में करीब 200 चुनिंदा मेहमान शामिल होंगे, जबकि 3 और 4 मार्च को हैदराबाद में रिसेप्शन प्रस्तावित है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दोनों को शुभकामनाएं भेजीं। संदेश में ‘सखा सप्तपदी भव’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने दांपत्य जीवन की नई शुरुआत के लिए आशीर्वाद दिया। दोनों सितारों की यह शाही शादी न केवल फिल्मी जगत बल्कि उदयपुर के पर्यटन परिदृश्य में भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता