रिलीज से पहले 'वाराणसी' ने बनाई अंतरराष्ट्रीय पहचान, फिल्म का ग्लोबल डेब्यू 24 अप्रैल को
'बाहुबली' और 'आरआरआर' जैसी भव्य फिल्मों के बाद निर्देशक एसएस राजामौली अब अपनी नई फिल्म ‘वाराणसी’ को लेकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहुंचने जा रहे हैं। इस बहुप्रतीक्षित फिल्म का ग्लोबल डेब्यू 24 अप्रैल को कॉमिक कॉन एक्सपीरियंस (सीसीएक्सपी) मेक्सिको में किया जाएगा। यह पहली बार होगा जब फिल्म की झलक दुनिया के सामने एक बड़े वैश्विक पॉप कल्चर इवेंट में पेश की जाएगी।
निर्माताओं ने बताया है कि इस विशेष प्रस्तुति का शीर्षक ‘वाराणसी टू द वर्ल्ड’ रखा गया है, जिसमें फिल्म की पहली झलक के साथ एक खास बिहाइंड द सीन्स वीडियो भी दिखाया जाएगा। यह फुटेज खास तौर पर इस कार्यक्रम के लिए तैयार किया गया है और पहले कभी सार्वजनिक नहीं किया गया। कार्यक्रम के दौरान राजामौली का एक रिकॉर्डेड संदेश भी प्रसारित किया जाएगा, जिसमें वह फिल्म की सोच और उसके वैश्विक दृष्टिकोण पर बात करेंगे।
फिल्म में महेश बाबू के साथ प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। सीसीएक्सपी मेक्सिको को लैटिन अमेरिका का सबसे बड़ा पॉप कल्चर मंच माना जाता है, जहां दुनिया भर की चर्चित फिल्मों और सीरीज की मौजूदगी रहती है। ऐसे में 'वाराणसी' का इस मंच पर शामिल होना भारतीय सिनेमा के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
फिल्म की रिलीज अप्रैल 2027 में प्रस्तावित है, लेकिन उससे करीब एक साल पहले ही इसके अंतरराष्ट्रीय प्रचार की शुरुआत कर दी गई है। माना जा रहा है कि राजामौली इस फिल्म के जरिए भारतीय संस्कृति और वाराणसी की आध्यात्मिक विरासत को वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी कर रहे हैं। फिल्म की पहली झलक ने दर्शकों के बीच उत्सुकता को और बढ़ा दिया है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

