अन्नू कपूर की 'उत्तर दा पुत्तर' का ट्रेलर रिलीज
अभिनेता अन्नू कपूर अभिनीत फिल्म 'उत्तर दा पुत्तर' का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। फिल्म का ट्रेलर अभिनेता मनोज बाजपेयी ने लॉन्च किया। कॉमेडी-ड्रामा शैली की यह फिल्म वास्तुशास्त्र, अंधविश्वास और किस्मत से जुड़ी मान्यताओं पर हल्के-फुल्के अंदाज में कटाक्ष करती है। ट्रेलर में हास्य, पारिवारिक रिश्तों और सामाजिक संदेश का रोचक मिश्रण देखने को मिलता है, जिसने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया है।
फिल्म में अन्नू कपूर एक ऐसे व्यक्ति की भूमिका निभा रहे हैं, जिसे विश्वास हो जाता है कि सही दिशा उसकी किस्मत बदल सकती है। इसी सोच के साथ उसकी जिंदगी में कई अप्रत्याशित घटनाएं घटती हैं, जो हास्य और भावनाओं से भरपूर परिस्थितियां पैदा करती हैं। फिल्म यह सवाल भी उठाती है कि जीवन में सफलता और खुशी का आधार किस्मत है या व्यक्ति के अपने कर्म। ट्रेलर में इसी विषय को मनोरंजक और व्यंग्यात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया गया है।
फिल्म में रुखसार रहमान, पवन मल्होत्रा, बृजेन्द्र काला, इश्तियाक खान और अन्य कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण संदीप कपूर और प्रिया कपूर ने किया है, जबकि निर्देशन की जिम्मेदारी रविंदर सिवाच ने संभाली है। प्रोमोडोम मोशन पिक्चर्स के बैनर तले बनी यह फिल्म 24 जुलाई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

