'मुसाफिर कैफे' का ट्रेलर जारी, अधूरी मोहब्बत की कहानी ने बढ़ाई उत्सुकता
विक्रांत मैसी, वेदिका पिंटो और महिमा मकवाना अभिनीत बहुप्रतीक्षित वेब सीरीज 'मुसाफिर कैफे' का ट्रेलर 14 जुलाई को जारी कर दिया गया। दिव्य प्रकाश दुबे के चर्चित उपन्यास पर आधारित यह सीरीज 24 जुलाई से नेटफ्लिक्स पर प्रदर्शित होगी। ट्रेलर में प्रेम, बिछड़न, यादों और रिश्तों की उलझनों से भरी एक भावनात्मक कहानी की झलक देखने को मिली है। ट्रेलर की शुरुआत चंदर और सुधा की मुलाकात से होती है, जहां दोनों के बीच दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल जाती है। एक-दूसरे के साथ बिताए गए खूबसूरत पल उनकी जिंदगी को नई दिशा देते हैं, लेकिन परिस्थितियां उन्हें अलग कर देती हैं।
कहानी आगे बढ़ती है तो चंदर की जिंदगी में प्रीति की एंट्री होती है। वह चंदर के जीवन में नई उम्मीद और नई मुस्कान लेकर आती है। हालांकि, चंदर अब भी अपने अतीत और सुधा की यादों से पूरी तरह बाहर नहीं निकल पाया है। ट्रेलर में प्रीति और चंदर के बीच विकसित होते रिश्ते को भी संवेदनशील तरीके से दिखाया गया है। वहीं प्रीति के मन में यह डर बना रहता है कि यदि कभी सुधा दोबारा लौट आई तो क्या होगा। इसी सवाल के बीच कहानी में नया मोड़ आता है और अचानक सुधा की वापसी हो जाती है।
ट्रेलर भावनाओं से भरपूर संवादों और प्रभावशाली दृश्यों के साथ आगे बढ़ता है। विक्रांत मैसी ने एक बार फिर अपने सशक्त अभिनय की झलक दिखाई है, जबकि वेदिका पिंटो और महिमा मकवाना भी अपने किरदारों में प्रभाव छोड़ती नजर आती हैं। प्रेम, विरह और रिश्तों के द्वंद्व पर आधारित यह श्रृंखला दर्शकों को एक भावनात्मक सफर पर ले जाने का वादा करती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

