स्पेनिश फिल्म निर्माता और प्रोड्यूसर अन्ना सौरा रामोन ने कश्मीर को फिल्म निर्माण के लिए आदर्श स्थान बताया
श्रीनगर, 09 सितंबर (हि.स.)। स्पेनिश फिल्म निर्माता और प्रोड्यूसर अन्ना सौरा रामोन ने कश्मीर को फिल्म निर्माण के लिए एक आदर्श स्थान बताया। उन्होंने कश्मीर के मनोरम दृश्यों, झीलों, प्राकृतिक रोशनी और आतिथ्य सत्कार की प्रशंसा करते हुए भारत और स्पेन के बीच सिनेमाई संबंधों को और मजबूत करने का आह्वान किया।
श्रीनगर के एसकेआईसीसी में पहले अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के तीसरे दिन बुधवार को पत्रकारों से बात करते हुए सौरा ने कहा कि फिल्म महोत्सव सिनेमा को बढ़ावा देने और फिल्म निर्माताओं और दर्शकों को दुनिया के विभिन्न हिस्सों की फिल्मों को देखने का अवसर प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह कश्मीर और भारत की मेरी पहली यात्रा है। मुझे उम्मीद है कि मैं फिर आऊंगी। सौरा ने कहा कि वह श्रीनगर घूमने और स्थानीय संस्कृति का अनुभव करने के लिए उत्सुक हैं। भारतीय और स्पेनिश सिनेमा के बीच सहयोग की संभावनाओं पर उन्होंने कहा कि दोनों उद्योगों में कुछ अंतर हैं, लेकिन भाषा को मजबूत कलात्मक संबंधों में बाधा नहीं बनना चाहिए। मुझे लगता है कि हम भारत और स्पेन के बीच बेहतर संबंधों को बढ़ावा दे सकते हैं।
उन्होंने कहा कि दोनों देशों के फिल्म निर्माताओं के लिए जुड़ने और साथ मिलकर काम करने के अवसर मौजूद हैं। कश्मीर को फिल्म निर्माण स्थल के रूप में देखते हुए सौरा ने कहा कि घाटी में अपने मनमोहक दृश्यों, झीलों और प्राकृतिक प्रकाश की गुणवत्ता के कारण फिल्म निर्माताओं के लिए अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से कश्मीर का प्रचार करना आवश्यक है। यहां शानदार लोकेशन हैं, शूटिंग के लिए अच्छी रोशनी है और खूबसूरत झीलें हैं।
सौरा ने यह भी बताया कि उन्होंने कश्मीर की तस्वीरें एक दोस्त के साथ साझा की थीं, जिसने सुझाव दिया कि घाटी को फिल्म निर्माण के लिए एक संभावित स्थान के रूप में खोजा जा सकता है। जब उनसे पूछा गया कि क्या वे भविष्य में बनने वाली भारत-स्पेन फिल्म में भारतीय अभिनेताओं को लेने पर विचार करेंगी तो उन्होंने कहा कि फिल्म निर्माताओं के लिए भारत के अभिनेताओं के साथ काम न करने का कोई कारण नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसी कई भारतीय-स्पेनिश फिल्में हैं जो आपको पसंद आएंगी।
कश्मीर में अंतरराष्ट्रीय स्टूडियो और फिल्म निर्माताओं के आने की संभावना पर सौरा ने कहा कि सरकारों और फिल्म उद्योग के बीच अधिक सहयोग से इस क्षेत्र में फिल्म निर्माण को आकर्षित करने में मदद मिल सकती है। उन्होंने कहा कि मुझे यकीन है कि वे आएंगे, यहां शूटिंग करेंगे और फिल्म बनाएंगे। सौरा ने इसे एक महत्वपूर्ण पहल बताया और आशा व्यक्त की कि यह महोत्सव लंबे समय तक चलेगा। उन्होंने कहा कि यह सबके लिए महत्वपूर्ण है और ऐसे महोत्सव बाहर से फिल्मों और फिल्म निर्माताओं को लाने और स्थानीय दर्शकों को अंतरराष्ट्रीय सिनेमा से परिचित कराने का अवसर प्रदान करते हैं।
सौरा ने कश्मीर के माहौल और आतिथ्य की भी प्रशंसा की और कहा कि भारत विशेष रूप से कश्मीर की उनकी पहली यात्रा एक सकारात्मक अनुभव रही। सौरा एक निर्माता और निर्देशक के रूप में अपने काम के लिए जानी जाती हैं जिसमें वृत्तचित्र 'द किड इन द फोटो' भी शामिल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

