पहली बार साथ नजर आएंगे सोनाक्षी-जहीर, रोमांटिक थ्रिलर 'तू है मेरी किरण' का लुक आया सामने
मुंबई, 01 अक्टूबर (हि.स.)। सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल की जोड़ी एक बार फिर पर्दे पर नजर आने वाली है। शादी के बाद दोनों पहली बार साथ में किसी फिल्म में दिखाई देंगे। उनकी आगामी फिल्म 'तू है मेरी किरण' का पहला पोस्टर जारी कर दिया गया है। करण रावल के निर्देशन में बनी यह फिल्म रोमांटिक थ्रिलर है। पोस्टर के साथ निर्माताओं ने फिल्म की रिलीज तारीख का भी ऐलान किया है।
पोस्टर में सोनाक्षी सिन्हा बेहद सादगी और मासूमियत भरे अंदाज में नजर आ रही हैं, वहीं जहीर इकबाल उनके सामने कुछ अलग और जुनूनी तेवर में दिखाई देते हैं। दोनों के लुक ने फिल्म की कहानी को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है। पोस्टर से संकेत मिलता है कि फिल्म प्यार, आकर्षण और जुनून के बीच की जटिल भावनाओं को थ्रिलर के अंदाज में पेश करेगी। विशाल राणा, सर्वेश गोयल, अश्वनी कुमार, मनोज दरक और नृपाल पटेल फिल्म के निर्माता हैं।
'तू है मेरी किरण' सोनाक्षी और जहीर की साथ में दूसरी फिल्म होगी। इससे पहले दोनों 2022 में रिलीज हुई 'डबल एक्सएल' में साथ नजर आए थे। करण रावल ने फिल्म की कहानी लिखने के साथ इसका निर्देशन भी किया है। शादी के बाद इस जोड़ी को बड़े पर्दे पर एक साथ देखने का दर्शकों को इंतजार है। 'तू है मेरी किरण' 23 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

