home page

बुसान फिल्म फेस्टिवल में 'सेल्वी' का शानदार वर्ल्ड प्रीमियर

 | 
बुसान फिल्म फेस्टिवल में 'सेल्वी' का शानदार वर्ल्ड प्रीमियर


मुंबई, 10 अक्टूबर (हि.स.)। अभिनेत्री अंजलि पाटिल के निर्माण में बनी तमिल फिल्म 'सेल्वी' ने 31वें बुसान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में अपने वर्ल्ड प्रीमियर के साथ दर्शकों का ध्यान खींचा। 9 अक्टूबर को हुई फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान थिएटर दर्शकों से खचाखच भरा रहा। फिल्म को मिली प्रतिक्रिया के बाद इसकी अगली स्क्रीनिंग के टिकट भी तेजी से बिक गए। निर्देशक सेलैश रथ्नाकुमार की यह पहली फिल्म है, जिसे फेस्टिवल के प्रतिष्ठित 'विजन-एशिया' खंड में जगह मिली है। इस खंड में शामिल होने वाली दो भारतीय फिल्मों में 'सेल्वी' भी है।

फिल्म की कहानी सेल्वी के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार अंजलि पाटिल ने निभाया है। वह एक प्रवासी होम-केयर नर्स है, जो अमीर परिवारों के घरों में रहकर उनकी देखभाल करती है। उसकी ड्यूटी कभी 12 घंटे तो कभी लगातार 72 घंटे तक चलती है। इस व्यस्त दिनचर्या में उसके पास अपनी जिंदगी के लिए न समय बचता है और न ही अपने फैसले लेने की आजादी। कहानी में नया मोड़ तब आता है, जब उसके अतीत की एक घटना फिर सामने आने लगती है। इसके बाद फिल्म प्रवास, दोस्ती और देखभाल की जिम्मेदारियों से आगे बढ़कर संघर्ष और खुद को बचाने के लिए लिए जाने वाले कठिन फैसलों की कहानी बन जाती है।

प्रीमियर के बाद अंजलि पाटिल ने कहा कि बुसान जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच पर फिल्म को दर्शकों का प्यार मिलना उनके लिए खास अनुभव है। वहीं, निर्देशक सेलैश रथ्नाकुमार ने दर्शकों की प्रतिक्रिया को अपने लिए प्रेरणादायक बताया। फिल्म का संपादन नौ बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीत चुके ए. श्रीकर प्रसाद ने किया है, जबकि ध्वनि संयोजन की जिम्मेदारी राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता आनंद कृष्णमूर्ति ने संभाली है। फिल्म में अर्चना पद्मिनी और विनोद किशन भी अहम भूमिकाओं में हैं। रेड सी फंड और हॉन्ग कॉन्ग एशिया फिल्म फाइनेंसिंग का सहयोग प्राप्त 'सेल्वी' अब 50वें साओ पाउलो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में अपनी अगली अंतरराष्ट्रीय स्क्रीनिंग के लिए तैयार है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे