home page

रोमांस से भरपूर 'वादा करलो' रिलीज, अनुराधा-अनुज की जोड़ी ने जीता दिल

 | 
रोमांस से भरपूर 'वादा करलो' रिलीज, अनुराधा-अनुज की जोड़ी ने जीता दिल


मुंबई, 28 सितंबर (हि.स.)। प्यार और रोमांस से सजा नया म्यूजिक वीडियो 'वादा करलो' रिलीज हो गया है। अनुज सैनी और अनुराधा उपाध्याय की जोड़ी से सजे इस गीत में अनुराधा अपने ग्लैमरस अंदाज और रोमांटिक स्क्रीन प्रेजेंस से खास ध्यान खींचती हैं।

गीत की कहानी प्यार के उस एहसास के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जहां मोहब्बत सिर्फ शब्दों में नहीं, बल्कि भावनाओं में महसूस की जाती है। खूबसूरत लोकेशन, रोमांटिक विजुअल्स और मधुर संगीत के बीच अनुराधा के लुक और एक्सप्रेशंस गीत को आकर्षक बनाने का काम करते हैं।

'वादा करलो' में अनुराधा पहले से अलग अंदाज में नजर आती हैं। कैमरे के सामने उनकी सहजता और रोमांटिक परफॉर्मेंस गीत के भावनात्मक पक्ष को उभारती है। अनुज सैनी के साथ उनकी केमिस्ट्री भी वीडियो की प्रमुख खासियतों में शामिल है। अनुराधा ने कहा कि यह गीत उनके दिल के करीब है और इसमें प्यार को जिस तरह खूबसूरत एहसास के रूप में पेश किया गया है, उससे वह खुद को जोड़ पाईं। उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शकों को उनका लुक, परफॉर्मेंस और अनुज के साथ उनकी केमिस्ट्री पसंद आएगी।

'वादा करलो' में अनुज सैनी और अनुराधा उपाध्याय नजर आ रहे हैं। इसका निर्देशन प्रदीप खैरवार ने किया है, जबकि शेफाली सिंह राजपूत इसकी निर्माता हैं। गीत को यंग जे ने अपनी आवाज दी है और संगीत भी उन्होंने ही तैयार किया है। गुड आइडिया फिल्म्स और गुड आइडिया मेलोडीज के बैनर तले पेश किए गए इस गीत में रोमांटिक कहानी को सिनेमाई अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। रिलीज के साथ ही यह गीत अपने संगीत, विजुअल्स और कलाकारों की केमिस्ट्री को लेकर चर्चा में है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे